कार और पचास हजार रुपये के लिए पति और अन्य ससुरालियों ने विवाहिता को प्रताड़ित किया। दवा देकर उसका गर्भपात करा दिया और घर से भी निकाल दिया। पीड़िता की तहरीर पर महिला थाना पुलिस ने आरोपी पति, सास-ससुर, दो ननद समेत दह लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया गया है।
बिजनौर के धामपुर निवासी प्रियंका सक्सेना की शादी इसी साल 18 जनवरी को मणेला के सूर्यनगर दुर्गा धाम कालोनी लाइनपार निवासी अक्षय सक्सेना के साथ हुई थी। आरोप है कि ससुराल वाले एक टॉप मॉडल स्वीफ्ट डिजायर कार और 50 हजार रुपये की मांग करने लगे। मांग पूरी न होने पर आरोपियों ने प्रियंका को प्रताड़ित करना शुरू कर दिया। पीड़िता के अनुसार दो जुलाई को उसे पता चला कि वह गर्भवती है। इसका पता जब ससुराल वालों को चला तो बुखार की दवा बताकर गर्भपात की गोली खिला दी, जिसके कारण गर्भपात हो गया। उसे मायके में छोड़ दिया था। 28 सितंबर को पीड़िता अपने छोटे भाई को लेकर ससुराल गई तो उसे घर से भगा दिया। जान से मारने की धमकी भी दी। जिसके बाद पीड़िता ने एसएसपी से गुहार लगाई। एसएसपी ने महिला एसओ को कार्रवाई करने के आदेश दिए थे। महिला थाना एसओ निधि चौधरी ने बताया कि तहरीर के आधार पर आरोपी पति अक्षय सक्सेना, सास ऊषा सक्सेना, ससुर सर्वेश सक्सेना, ननद पूजा जौहरी व शगुन सक्सेना और नंदोई निनिध जौहरी के खिलाफ दहेज प्रताड़ना, गर्भपात कराने, मारपीट समेत अन्य धाराओं में केस दर्ज किया गया है।