पूरे प्रदेश में जोरदार प्रदर्शन, पुलिस ने किया लाठीचार्ज, लखनऊ सहित कई जिले में कांग्रेसी हुए घायल

हाथरस की दलित बेटी के इंसाफ के लिए प्रदेश कांग्रेस सड़क पर उतरी, पूरे प्रदेश में जोरदार प्रदर्शन, पुलिस ने किया लाठीचार्ज, लखनऊ सहित कई जिले में कांग्रेसी हुए घायल
योगी आदित्यनाथ इस्तीफा दो। आपके शासन में न्याय नहीं, सिर्फ अन्याय का बोलबाला हैः प्रियंका गांधी
कितने संवेदनहीन मुख्यमंत्री हैं आप योगी जी: प्रियंका गांधी
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के आवास का घेराव करने जा रहे प्रदेश कांग्र्रेस अध्यक्ष श्री अजय कुमार लल्लू गिरफ्तार, लाठीचार्ज में कई नेता एवं कार्यकर्ता गंभीर रूप से घायल
वाराणसी में प्रधानमंत्री के संसदीय कार्यालय का कांग्रेसियों ने किया घेराव
दलित बालिका के साथ दरिन्दगी पर योगी सहित महिला राज्यपाल की खामोशी क्यों, चुप्पी का राज क्या हैः अजय कुमार लल्लू
देश के प्रधानमंत्री और गृहमंत्री चुप क्याें हैं?: अजय कुमार लल्लू
प्रदेश में बढ़ती गैंगरेप और हत्या जैसी जघन्य घटनाओं के लिए जिम्मेदार मुख्यमंत्री गद्दी छोड़े, पद पर बने रहने का कोई नैतिक अधिकार नहीं है: अजय कुमार लल्लू
लखनऊ। उ0प्र0 कांग्रेस कमेटी ने हाथरस की दलित बेटी के साथ गैंगरेप और हत्या तथा परिजनों की गैर मौजूदगी में पुलिस द्वारा शव को आधी रात जलाये जाने पर दलित बेटी को न्याय दिलाने के लिए प्रदेशव्यापी विरोध प्रदर्शन के तहत आज राजधानी में सीएम आवास का घेराव करने जा रहे उ0प्र0 कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष श्री अजय कुमार लल्लू सहित सैंकड़ों कार्यकर्ताओं पर बर्बरतापूर्वक लाठीचार्ज करते हुए पुलिस ने वीवीआईपी गेस्ट हाउस के सामने अलोकतांत्रिक तरीके से गिरफ्तार कर लिया, जहां से प्रदेश अध्यक्ष सहित सभी कांग्रेस कार्यकर्ताओं को इको गार्डेन भेज दिया गया।

कांग्रेस महासचिव ने ट्वीट करते हुए कहा है कि – रात को 2.30बजे परिजन गिड़गिड़ाते रहे लेकिन हाथरस की पीड़िता के शव को उ0प्र0 प्रशासन ने जबरन जला दिया। जब वह जीवित थी तब सरकार ने उसे सुरक्षा नहीं दी। जब उस पर हमला हुआ सरकार ने समय पर इलाज नहीं दिया। पीड़िता की मृत्यु के बाद सरकार ने परिजनों से बेटी के अंतिम संस्कार का अधिकार छीना और मृतका को सम्मान तक नहीं दिया। घोर अमानवीयता। आपने अपराध रोका नहीं बल्कि अपराधियों की तरह व्यवहार किया। अत्याचार रोका नहीं, एक मासूम बच्ची और उसके परिवार पर दुगुना अत्याचार किया। येागी आदित्यनाथ इस्तीफा दो। आपके शासन में न्याय नहीं, सिर्फ अन्याय का बोलबाला है।
इसके पूर्व अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी की महासचिव प्रियंका गांधी जी ने ट्विट करके मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से सवाल किया है। उन्होने कहा है कि – ‘‘मैं यूपी के मुख्यमंत्री से कुछ सवाल पूछना चाहती हूं -परिजनों से जबर्दस्ती छीनकर पीड़िता के शव को जलवा देने का आदेश किसने दिया? पिछले 14 दिन से कहां सोए हुए थे आप? क्यों हरकत में नहीं आए? और कब तक चलेगा ये सब? कैसे मुख्यमंत्री हैं आप’’।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू ने कहा कि भाजपा के लिए बहुत ही शर्मनाक है कि एक दलित की बेटी न्याय की आस लिए मर गई। महामहिम चुप क्यों हैं उनकी चुप्पी का राज क्या है, महिला होने के नाते अभी तक उनका एक भी बयान क्यों नहीं आया। प्रधानमंत्री और गृहमंत्री सहित प्रदेश के मुखिया की चुप्पी का राज क्या है? कौन जवाब देगा देश को, देश रो रहा है, बिलख रहा है। देश की बेटी सुरक्षित नहीं हैं, क्या इसी तरह की घटनाएं निरन्तर उ0प्र0 में होती रहेंगी और सरकार संवेदनहीन बनी रहेगी। आज हम मुख्यमंत्री से इस्तीफा मांगने जा रहे थे मुख्यमंत्री के गुर्गों द्वारा लाठी-डण्डों से हमें पीटा गया और गिरफ्तार किया गया। क्या न्याय मांगने वालों पर लाठी चलाई जाएगी। क्या पीड़ित बहन के लिए संघर्ष की बात करने पर लाठी चलाकर दमन किया जाएगा। उन्होनें कहा कि योगी सरकार ने इन्सानियत को शर्मसार किया है। मुख्यमंत्री गद्दी छोड़ें, आपको इस पर बैठने का कोई अधिकार नहीं रह गया है।
प्रदेशव्यापी आन्दोलन के तहत आज हाथरस में कांग्रेस ने सड़कों पर उतरकर विरोध प्रदर्शन किया। जनपद प्रतापगढ़ में कांग्रेस नेताओं को प्रदर्शन के दौरान लाठीचार्ज करके गिरफ्तार किया गया। वहीं हाथरस जाते हुए बदायूं हाईवे पर कांग्रेस महासचिव ब्रम्हस्वरूप सागर, असलम चैधरी सहित कई नेताओं को गिरफ्तार किया गया। जनपद जालौन, सोनभद्र, चित्रकूट, आजमगढ़, भदोही, चन्दौली समेत कई जिलों में प्रदर्शन हुआ, कांग्रेसजनों पर पुलिस ने बर्बर लाठीचार्ज कर गिरफ्तार किया। वहीं प्रधानमंत्री के संसदीय क्षेत्र वाराणसी में कंाग्रेस ने बड़े पैमाने पर जुलूस निकालकर संसदीय कार्यालय का घेराव किया जिस पर भारी पुलिस बल ने लाठीचार्ज कर गिरफ्तार किया।

राजधानी में आज सीएम आवास का घेराव करने जा रहे प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू जी सहित कांग्रेसजनों पर हुए बर्बर लाठीचार्ज में अजय श्रीवास्तव अज्जू, एनएसयूआई के प्रदेश अध्यक्ष अनस रहमान, पिछड़ा वर्ग के चेयरमैन मनोज यादव, संगठन मंत्री अनिल यादव, मीडिया संयोजक ललन कुमार को गंभीर चोटें आयीं। गिरफ्तार होने वालों में प्रमुख रूप से पूर्व विधायक श्यामकिशोर शुक्ला, प्रदेश सचिव रमेश शुक्ला, अल्पसंख्यक विभाग के चेयरमैन शाहनवाज आलम, तरूण पटेल, जिलाध्यक्ष वेद प्रकाश त्रिपाठी, शहर अध्यक्ष मुकेश सिंह चैहान, शिव पाण्डेय, दिलप्रीत सिंह ‘डीपी’, शिवम त्रिपाठी, ज्ञानेश शुक्ला, मो0 तारिक सिद्दीकी, मुशर्रफ इमाम, विकास सक्सेना, हाशिम अली, रंजीत भारती आदि भारी संख्या में कांग्रेसजन शामिल रहे।

About The Author

निशाकांत शर्मा (सहसंपादक)

Learn More →

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

अपडेट खबर के लिए इनेबल करें OK No thanks