
अलीगढ़ में सक्रिय बदमाशों ने फिर एक बड़ी वारदात को अंजाम दे डाला। बदमाश सिविल लाइंस के समद रोड की एक मोबाइल शॉप से 22 लाख रुपये कीमत के 88 मोबाइल फोन चोरी कर ले गए। शुक्रवार सुबह घटना की जानकारी होने पर पुलिस भी पहुंच गई और व्यापारियों में आक्रोश पैदा हो गया। पुलिस जांच में सीसीटीवी में मास्क लगाए तीन बदमाश कैद हुए हैं, जिनकी पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं।
एसएसपी मुनिराज जी ने सेंटर प्वाइंट चौराहे पर तैनात लैपर्ड-78 के सिपाही सचिन कुमार को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है और साथी होमगार्ड मनोहर सिंह को ड्यूटी से हटाते हुए उनके खिलाफ कार्रवाई के लिए कमांडेंट होमगार्ड को लिखा है। इसके अलावा इस इलाके की गश्ती पीआरवी 719 के सिपाही प्रिंस कुमार, महिला सिपाही छवि त्यागी को निलंबित कर दिया गया है और पीएसी 38 से यहां पीआरवी पर संबद्ध चालक योगेंद्र के निलंबन की संस्तुति कमांडेंट के लिए की गई है। इन पर कार्रवाई को लेकर कहा गया है कि रात से सुबह तक इनकी इस इलाके में गश्ती ड्यूटी रही। फिर भी शहर के इस मुख्य बाजार में चोरी हो गई और किसी को भनक तक नहीं लगी। वहीं इंस्पेक्टर सिविल लाइंस व चौकी प्रभारी सेंटर प्वाइंट एसआई सौरभ शर्मा के खिलाफ जांच के आदेश दिए हैं।