पैंगोंग झील पर चीन -भारत के बीच हुई 200 राउंड फायरिंग

पैंगोंग झील पर चीन -भारत के बीच हुई 200 राउंड फायरिंग

नई दिल्‍ली: भारत-चीन के बीच तनाव हर दिन बढ़ता जा रहा है। इस बीच LAC पर फायरिंग को लेकर नया खुलासा हुआ है। अंग्रेजी अखबार इंडियन एक्सप्रेस के मुताबिक, पैंगोंग झील के उत्तरी किनारे के नजदीक दोनों सेनाओं में गोलीबारी हुई थी। ये गोलीबारी मॉस्को में 10 सितंबर को विदेश मंत्री एस. जयशंकर और उनके चीनी विदेश मंत्री वांग यी की मुलाकात से पहले हुई थी।

एक अफसर के मुताबिक जिस जगह फिंगर-3 और फिंगर-4 मिलती है, वहां दोनों पक्षों में 100-200 राउंड फायरिंग की गई। फायरिंग की घटनाएं उस दौरान हुईं, जब दोनों देशों की सेनाएं फिंगर इलाके में पकड़ मजबूत करने के लिए गश्त कर रही थीं। अबतक इस घटना के बारे में न तो चीन और न ही भारत की तरफ से कोई आधिकारिक बयान दिया गया है। इससे पहले चुशूल सेक्टर में हुई फायरिंग की घटना पर दोनों देशों में तनातनी हुई थी। अधिकारी का कहना है कि ताजा फायरिंग चुशूल में हुई फायरिंग से भी ज्यादा भीषण थी।

सूत्रों के मुताबिक भारत और चीनी सेना के बीच एलएसी पर एक महीने में तीन बार फायरिंग की घटना हो चुकी है। अब तक सिर्फ चुशूल सेक्टर में हुई फायरिंग को लेकर ही दोनों देशों की ओर से आधिकारिक बयान आए हैं। सितंबर की शुरुआत में भारतीय सेना पेंगोंग सो के उत्तरी किनारे पर अपनी पोजिशन बदल रही थी। चीनी सेना इसी जगह पर महज 500 मीटर की दूरी पर है, इसी दौरान दोनों के बीच फायरिंग हुई। अधिकारी ने कहा कि तनाव जमीन पर बना हुआ है, क्योंकि दोनों पक्षों के कोर कमांडरों के बीच अगले दौर की बातचीत का इंतजार है।

भारत ने झील के उत्तरी किनारे पर अपनी स्थिति को फिर से संगठित किया। चीनी सैनिक फिंगर 4 के रिज पर बैठे हैं, जो कि फिंगर 8 से 8 किमी पश्चिम में है, भारत इसे एलएसी मानता है। इस क्षेत्र में भी दोनों पक्षों के सैनिक एक-दूसरे से 500 मीटर से कम दूरी पर तैनात हैं। अधिकारी ने कहा, ‘हालांकि, स्थिति को शांत कर दिया गया है और फोकस बातचीत की ओर बढ़ गया है।’

दोनों पक्षों ने कोर कमांडरों के बीच एक और दौर की बातचीत करने पर सहमति जताई है, हालांकि तारीख तय नहीं की गई है। अधिकारी ने संकेत दिया कि इस बार, वार्ता में विदेश मंत्रालय के एक अधिकारी शामिल हो सकते हैं।

चीन की भारत को युद्ध का धौंस

LAC पर लगातार जारी तनाव के बीच एक तरफ जहां चीन शांति और समझौते की बात करता है। वहीं, चालबाज चीन की तरफ से भारत को लगातार युद्ध का धौंस भी दिखाया जा रहा है। चीन की सरकारी अखबार ग्लोबल टाइम्स ने एक बार फिर भारत को युद्ध की धमकी दी है। ग्लोबल टाइम्स ने लिखा है कि सीमा पर 1962 जैसे हालात बन गए हैं। अगर भारत पीछे नहीं हटा और कूटनीतिक कोशिशें नाकाम हुईं तो PLA यानी चीनी सैनिक अपनी ताकत के दम पर भारत को पीछे धकेलेगा। ग्लोबल टाइम्स ने ये भी लिखा है कि PLA को लंबे अभियान के लिए तैयार रहना होगा, ये अभियान सर्दी के मौसम में भी जारी रहेगा। दरअसल, ग्लोबल टाइम्स की ओर से ये बयान कल लद्दाख में भारतीय सेना की तैयारियों की तस्वीरे सामने आने के बाद आया है।

About The Author

निशाकांत शर्मा (सहसंपादक)

Learn More →

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

अपडेट खबर के लिए इनेबल करें OK No thanks