
बरेली। मुख्यमंत्री जन आरोग्य मेले के अवसर पर जनपद में एचपीवी (HPV) टीकाकरण अभियान को मिशन मोड में संचालित करते हुए विशेष शिविरों का आयोजन किया गया। इन शिविरों के माध्यम से किशोरियों को सर्वाइकल कैंसर से बचाव हेतु टीके लगाए गए।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. विश्राम सिंह के निर्देशन में चलाए गए इस अभियान का उद्देश्य ‘अपनी लाडली को दें सुरक्षा का उपहार, HPV टीके से करें कैंसर पर वार’ के संकल्प को साकार करना रहा।
केंद्रवार टीकाकरण की स्थिति
आज आयोजित विशेष शिविरों में स्वास्थ्य केंद्रों पर अच्छा उत्साह देखने को मिला। प्राप्त आंकड़ों के अनुसार:
नदोसी स्वास्थ्य केंद्र – 48 टीके
पीरबहोड़ा स्वास्थ्य केंद्र – 29 टीके
नगरीय प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (पुराना शहर) – 10 टीके
👉 कुल टीकाकरण (आज): 87
जनपद बरेली में अब तक कुल 1597 किशोरियों का एचपीवी टीकाकरण सफलतापूर्वक किया जा चुका है।
रियल-टाइम डेटा मॉनिटरिंग
जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ. प्रशांत रंजन ने बताया कि सभी टीकाकरण का डेटा ‘यू-विन (U-Win)’ पोर्टल पर रियल-टाइम में दर्ज किया गया, जिससे पारदर्शिता और फॉलो-अप सुनिश्चित हो सके।
अभियान को सफल बनाने में आशा कार्यकर्ताओं की सक्रिय भूमिका रही। उन्होंने घर-घर जाकर अभिभावकों को जागरूक किया और 14 वर्ष की किशोरियों को टीकाकरण केंद्रों तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण योगदान दिया।
अभियान की निगरानी के लिए राष्ट्रीय शहरी स्वास्थ्य मिशन के डॉ. अजमेर सिंह सहित अन्य अपर एवं उप मुख्य चिकित्सा अधिकारियों और स्वास्थ्य शिक्षा अधिकारियों ने विभिन्न केंद्रों का स्थलीय निरीक्षण किया।

अभिभावकों से अपील
स्वास्थ्य एवं शिक्षा विभाग ने संयुक्त रूप से अभिभावकों से अपील की है कि यदि उनकी 14 वर्ष की बेटियां अभी तक एचपीवी टीका नहीं लगवा पाई हैं, तो वे जिला महिला चिकित्सालय एवं नजदीकी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों पर चल रहे सत्रों में पहुंचकर इस सुविधा का लाभ उठाएं।