
बरेली। आगामी ईद पर्व को लेकर प्रशासन पूरी तरह से सतर्क नजर आ रहा है। इसी क्रम में आज वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अनुराग आर्य के निर्देशन में एसपी सिटी मानुष पारीक एवं एडीएम सिटी सौरभ दुबे द्वारा बाकरगंज ईदगाह परिसर का निरीक्षण किया गया।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने साफ-सफाई, पेयजल, विद्युत व्यवस्था, पार्किंग, बैरिकेडिंग, सुरक्षा प्रबंधन एवं यातायात व्यवस्था का गहनता से जायजा लिया। इस दौरान संबंधित अधिकारियों को व्यवस्थाएं दुरुस्त रखने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए गए।
अधिकारियों ने मौके पर मौजूद पुलिस बल को निर्देशित करते हुए कहा कि ईद पर्व को शांतिपूर्ण एवं सकुशल संपन्न कराना प्राथमिकता है। इसके लिए सभी को सतर्क रहकर अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करना होगा।
प्रशासन द्वारा ईदगाह परिसर में पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती सुनिश्चित की जा रही है, साथ ही आमजन की सुविधा को ध्यान में रखते हुए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं दुरुस्त कराई जा रही हैं, ताकि त्योहार के दौरान किसी प्रकार की असुविधा न हो।