
जाट रेजीमेंट केंद्र बरेली परिसर में 11 मार्च से 23 मार्च 2026 तक भर्ती का होगा आयोजन
बरेली। जिलाधिकारी अविनाश सिंह की अध्यक्षता में आज भारतीय सेना की अग्निपथ योजना के तहत आर्मी भर्ती 2025-26 के आयोजन में आवश्यक व्यवस्थाओं के सम्बन्ध में बैठक कलेक्ट्रेट स्थित सभागार में सम्पन्न हुई।
बैठक में आर्मी के अधिकारियों द्वारा जानकारी दी गई कि जाट रेजीमेंट केन्द्र, बरेली परिसर में 11 मार्च से 23 मार्च 2026 तक भर्ती आयोजित होगी। सेना भर्ती रैली के दौरान उत्तर प्रदेश के 12 जनपदों बरेली सहित बहराइच, बलरामपुर, श्रावस्ती, लखीमपुर खीरी, शाहजहांपुर, सीतापुर, संभल, पीलीभीत, हरदोई, फर्रुखाबाद और बदायूं के हजारों अभ्यर्थियों को शामिल होने की संभावना है।

दिनांक 11 मार्च 2026 की सुबह 06.00 बजे से ही दौड़ आरम्भ होगी, इसलिए सेना भर्ती के निदेशक ने अभ्यर्थियों से अनुरोध किया है कि सभी अभ्यर्थी अपने एडमिट कार्ड डाउनलोड कर अपने साथ रखें एवं सभी जरुरी कागजात अवश्य साथ में लेकर आए। किसी भी अभ्यर्थी को किसी कारणवश उन्हे पंजिकृत ई-मेल आईडी से रैली एडमिट कार्ड डाउनलोड नही हो रहा हैं तो वे सेना भर्ती कार्यालय, बरेली में प्रातः 09 बजे से दोपहर 02 बजे के बीच सम्पर्क कर सकते हैं और अभ्यर्थी के एडमिट कार्ड पर जो दिनांक है उसी दिनांक पर उपस्थित होना सुनिश्चित करें। 11 मार्च को शामिल होने वाले अभ्यर्थियों को 10 मार्च की सायं से ही परिसर में प्रवेश देना शुरू कर दिया जाएगा, जहां उनके रूकने, पीने के पानी, शौचालय व भुगतान करने पर भोजन की व्यवस्था उपलब्ध रहेगी।
बैठक में जिलाधिकारी द्वारा समस्त अधिकारियों को पूरी भर्ती प्रक्रिया निर्विघ्न, पारदर्शिता, निष्पक्षता और शांतिपूर्ण माहौल में सम्पन्न कराये जाने हेतु आवश्यक दिशा निर्देश दिए गए। अधिशासी अभियंता लोक निर्माण विभाग को दो दिन में बैरिकेडिंग का कार्य पूर्ण कराने, विद्युत विभाग को जनरेटर की सुविधा उपलब्ध कराने तथा स्वास्थ्य विभाग को 108 एम्बुलेंस, चिकित्सकों की टीमें मय दवाओं सहित उपलब्ध कराने, शैक्षिक प्रमाण पत्र सत्यापन व सहायता हेतु अभ्यर्थियों की सहायता हेतु शिक्षकों की ड्यूटी लगाए जाने, एआरएम रोडवेज को आर्मी भर्ती का फ्लैक्स लगी हुई बसों की सुविधा उपलब्ध कराने, फायर ब्रिगेड को आवश्यक प्रबंधन कराने तथा जिला पंचायत राज विभाग द्वारा भी सफाई कर्मी लगाए जाने के भी निर्देश दिए गए।
बैठक में नगर आयुक्त संजीव कुमार मौर्य द्वारा अवगत कराया गया कि नगर निगम द्वारा बायोटौयलेट, वाटरटैंक, सफाई कर्मियों की ड्यूटी लगायी गयी है तथा डस्टबीन रखवाए जा रहे हैं तथा दौड़ में पास होने वाले अभ्यर्थियों के रुकने हेतु रैन बसेरों में आवश्यक व्यवस्थाएं समय रहते पूर्ण करा ली जाएंगी।
समस्त अभ्यर्थियों से समय पर पहुंचने, आवश्यक दस्तावेज साथ लाने और अफवाहों एवं दलालों से दूर रहने की अपील की गई हैं।
बैठक में सेना भर्ती कार्यालय बरेली के निदेशक, अपर जिलाधिकारी नगर सौरभ दुबे, नगर मजिस्ट्रेट राजेश कुमार वर्मा, एसपी यातायात मो0 अकमल खान, मुख्य अग्निशमन अधिकारी मनु शर्मा, पुलिस क्षेत्राधिकारी आशुतोष शिवम, अधिशासी अभियंता लोक निर्माण विभाग, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी, डिप्टी सीएमओ, एआरएम रोडवेज सहित जिला प्रशासन व सेना के अन्य अधिकारीगण मौजूद रहे।