
बरेली। भारत-तिब्बत सहयोग मंच के सांगठनिक सुदृढ़ीकरण और आगामी कार्यक्रमों की रूपरेखा तय करने के लिए मंगलवार को सिविल लाइन्स स्थित बटलर प्लाजा में प्रांतीय बैठक आयोजित की गई। बैठक में तिब्बत की स्वतंत्रता, भारत-तिब्बत सांस्कृतिक संबंधों और पर्यावरण संरक्षण जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा हुई।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में मंच के राष्ट्रीय महामंत्री कपिल त्यागी और मेरठ प्रांत के अध्यक्ष डॉ. संदीप चौधरी उपस्थित रहे। ब्रज प्रांत अध्यक्ष शैलेंद्र विक्रम ने अतिथियों का अंगवस्त्र एवं स्मृति चिन्ह देकर स्वागत किया।

बैठक का प्रमुख विषय परम पावन दलाई लामा के आगामी 90वें जन्मोत्सव को देशभर में जन-जागरूकता कार्यक्रमों के साथ मनाने की तैयारी रहा। राष्ट्रीय महामंत्री ने कहा कि दलाई लामा विश्व में शांति और करुणा के प्रतीक हैं तथा नई पीढ़ी को भारत-तिब्बत के ऐतिहासिक संबंधों से जोड़ना आवश्यक है।
इस दौरान पर्यावरण संरक्षण पर भी विशेष चर्चा हुई। ब्रज प्रांत द्वारा चलाए जा रहे ‘वेस्ट प्लास्टिक मैनेजमेंट’ अभियान की सराहना करते हुए इसे अन्य प्रांतों में लागू करने की बात कही गई। डॉ. संदीप चौधरी ने संगठन के विस्तार और प्रांतीय समन्वय को मजबूत करने पर जोर दिया।
अंत में ब्रज प्रांत अध्यक्ष शैलेंद्र विक्रम ने आभार व्यक्त करते हुए दलाई लामा के जन्मोत्सव से जुड़े कार्यक्रमों को व्यापक स्तर पर आयोजित करने का भरोसा दिलाया। बैठक में संगठन के कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।