
कासगंज। भारतीय जनता पार्टी के पूर्व प्रदेश मंत्री सोनू सिंह ने श्रावण माह के अंतिम सोमवार को भगवान शिव का जलाभिषेक करने के लिए रविवार को लहरा घाट पहुंचे। यहां से उन्होंने भव्य रूप से सजाई गई कांवड़ को कंधे पर उठाया। वह पैदल ही अपने गृह क्षेत्र फिरोजाबाद के लिए रवाना हुए। कांवड में भगवान भोलेनाथ की विशाल प्रतिमा भी स्थापित थी। पूर्व प्रदेश मंत्री के कांवड लेकर आने की जानकारी मिलते ही कासगंज में सोरों गेट पर काफी संख्या में भाजपाई एकत्रित हो गए। जैसे ही कांवड यात्रा सोरों गेट पर पहुंची तो भाजपाइयों ने कांवड यात्रा पर पुष्पवर्षा शुरू कर दी। कांवड़ यात्रा में शामिल पूर्व प्रदेश मंत्री सोनू सिंह का स्वागत अभिनंदन किया। कांवड यात्रा पर पुष्प वर्षा करते हुए भाजपाई मिशन चौराहा तक पहुंचे। इसके बाद कांवड़ यात्रा अपने गंतव्य के लिए रवाना हो गई। इस दौरान भाजपा के जिला मंत्री रामनिवास राजपूत, जिला मीडिया प्रभारी केके सक्सेना, हरी सिंह, श्यामू यादव, आलोक कुलश्रेष्ठ, लवकुश राजपूत, लक्ष्मण सिंह, मनोज राजपूत, रणजीत सिंह, मोहर सिंह समेत अन्य भाजपाई मौजूद रहे।