
223 विकास कार्यों का किया लोकार्पण
बरेली। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ बुधवार सुबह करीब साढ़े 10 बजे राजकीय वायुमान से बरेली के त्रिशूल एयरबेस पर पहुंचे। यहां जनप्रतिनिधियों ने मुख्यमंत्री का स्वागत किया। इसके बाद मुख्यमंत्री कार से सर्किट हाउस पहुंचे। उन्होंने जनप्रतिनिधियों के साथ मंडलीय बैठक कर जिलों के विकास कार्यों की प्रगति जानी।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बरेली को कई विकास योजनाओं की सौगात दी। उन्होंने 223 विकास कार्यों का लोकार्पण किया। इसके साथ ही जिले में होने वाले 322 विकास कार्यों का शिलान्यास भी किया। इस मौके पर बरेली कॉलेज मैदान में जनसभा को संबोधित करते हुए पिछली सरकारों पर जमकर निशाना साधा।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भारत माता की जय से अपने संबोधन की शुरुआत की। उन्होंने कहा कि सावन माह में नाथनगरी में आकर महादेव के चरणों में नमन करने का सौभाग्य प्राप्त हुआ है। बरेली की जनता को विकास कार्यों के लिए बधाई। उन्होंने कहा कि जब अच्छी सरकार आती है तो विकास और समृद्धि साथ लेकर आती है। यह वही बरेली है, 2017 से पहले इस पर दंगे का दाग लगता है। बरेली दंगाग्रस्त जनपद बन गया था। लेकिन 2017 के बाद दंगा नहीं बल्कि आज नाथ कॉरिडोर से बरेली की पहचान बन गई है। मुख्यमंत्री ने शहर के सात नाथ मंदिरों का जिक्र किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि 2017 से पहले नौकरियों पर डकैती डाली जाती थी। बंटरबांट होता था। कहीं चाचा वसूली के लिए निकलते थे, कहीं बबुआ। कहीं कोई भतीजा निकल रहा तो कहीं पर भाई निकल रहा। उन रिश्तों को देखकर हर कोई असमंजस में रहता था कि महाभारत में तो ये रिश्ते देखे थे, लेकिन एक नौजवान की नौकरी पर ये रिश्ते कैसे लूट मचाए हुए थे, यह सबने देखा है।
उन्होंने कहा कि पिछली सरकारें बांटने का काम करती थीं। वोटबैंक की राजनीति के माध्यम से तृष्टिकरण करती थीं। सुरक्षा में सेंध लगाने वालों का सम्मान करती थीं। डबल इंजन की भाजपा सरकार तृष्टिकरण नहीं बल्कि विकास से जनता की संतुष्टि का माध्यम बन रही है। विरासत को विकास के माध्यम से जोड़ रही है।
मुख्यमंत्री युवा उद्यमी योजना के बारे में बताया कि
मुख्यमंत्री ने कहा कि यहां रोजगार मेला भी लगा है। युवाओं को नियुक्ति पत्र भी वितरित हुए हैं। बताया कि उत्तर प्रदेश में सरकार ने मुख्यमंत्री युवा उद्यमी स्कीम लागू की है। इसके तहत लाभार्थी को पांच लाख रुपये का गारंटी मुक्त ब्याज मुक्त ऋण मिलता है। सरकार इस योजना से अब तक 70 हजार युवाओं को जोड़ चुकी है। उन्होंने कहा कि पहले युवाओं के लिए योजना नहीं बनती थीं। 2017 से पहले युवाओं के सामने पहचान का संकट था। आज पहचान के संकट से नहीं गुजरता नहीं पड़ रहा है।
यूनानी मेडिकल कॉलेज का किया लोकार्पण
मुख्यमंत्री योगी हजियापुर में बनकर तैयार यूनानी मेडिकल कॉलेज का लोकार्पण किया। यह बरेली मंडल का पहला यूनानी मेडिकल कॉलेज है। इसके शुरू होने के बाद मंडल में इलाज के साथ पढ़ाई की राह आसान होगी। बरेली कॉलेज स्थित जनसभा स्थल पर मुख्यमंत्री की मौजूदगी में रोजगार मेले में करीबी 6000 पदों के लिए अभ्यर्थियों का चयन किया गया। सीएम युवा उद्यमी योजना के तहत लाभार्थियों को डमी चेक भी दिए गए जनता जनार्दन आज कुछ ज्यादा ही उत्साहित नजर आई ।।