
उत्तर प्रदेश सरकार के पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन राज्य मंत्री के. पी. मलिक ने “शक्ति वन” की स्थापना करते हुए मौलश्री का पौधा रोपित कर पर्यावरण संरक्षण की दिशा में एक सशक्त पहल की
गौतम बुद्ध नगर 21 जुलाई, 2025 पर्यावरण संरक्षण की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए आज अंसल गोल्फ लिंक प्रथम सोसाइटी, ग्रेटर नोएडा में उत्तर प्रदेश सरकार के पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन राज्य मंत्री के. पी. मलिक द्वारा एक मौलश्री का पौधा रोपित कर "शक्ति वन" की स्थापना का शुभारंभ किया गया। इस अवसर पर वृक्षारोपण कार्यक्रम का आयोजन बड़े उत्साह और जनसहभागिता के साथ संपन्न हुआ। वृक्षारोपण कार्यक्रम की श्रृंखला को आगे बढ़ाते हुए "एक पेड़ माँ के नाम" 2.0 थीम के अंतर्गत धनौरी आर्द्रभूमि के समीप ग्रीन बेल्ट क्षेत्र में लगभग 05 हेक्टेयर भूमि पर "शक्ति वन" का विस्तार किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य न केवल हरियाली बढ़ाना है, बल्कि मातृत्व और प्रकृति के गहरे संबंध को भी भावनात्मक रूप से जोड़ना है। इस अवसर पर समाज सेविका एवं पर्यावरण प्रेमी सरोज मुख्य अतिथि रहीं। उनके साथ क्षेत्रीय वन अधिकारी अनामिका, स्थानीय ग्रामीण, पर्यावरण के प्रति जागरूक नागरिक, संभ्रांत जन तथा वन विभाग की संपूर्ण टीम उपस्थित रही। सभी ने उत्साहपूर्वक इस पावन अभियान में भाग लिया। कार्यक्रम में बरगद, गूलर, अर्जुन, कनेर, बोतल ब्रश, कंजी, मौलश्री, अकेसिया आदि विविध प्रजातियों के छायादार और औषधीय पौधों का रोपण किया गया। यह वन क्षेत्र आने वाले वर्षों में जैव विविधता को संजोने और पर्यावरण संतुलन को बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।