
एटा…
कांवड़ यात्रा को लेकर प्रशासन पूरी तरह सतर्क एवं संवेदनशील
यात्रा को शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं श्रद्धालुओं के लिए सुविधाजनक बनाने हेतु जिला प्रशासन और पुलिस विभाग द्वारा व्यापक प्रबंध किए
रविवार को जिलाधिकारी प्रेम रंजन सिंह, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्याम नारायण सिंह ने कांवड़ यात्रा के मध्य एटा-कासगंज मार्ग पर हाइवे अण्डरपास के समीप लगाए गए शिविर का जायजा लिया।
डीएम, एसएसपी, एडीएम वित्त एवं राजस्व, एडीएम प्रशासन सहित अन्य अधिकारियों आदि ने अपने हाथों से कांवड़ यात्रियों को प्रसाद वितरित किया तथा प्रसाद भी ग्रहण किया। उन्होंने कहा कि कांवड़ यात्रा हमारी धार्मिक आस्था और परंपरा से जुड़ा पर्व है, जिसे श्रद्धा एवं सुरक्षा के साथ सम्पन्न कराना हम सभी की जिम्मेदारी है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने कहा कि पुलिस विभाग द्वारा पूरे रूट पर सुरक्षा व्यवस्था सुदृढ़ की गई है। ड्रोन कैमरों से निगरानी, सिविल ड्रेस में पुलिसकर्मी, तथा अन्य माध्यमों से यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा रही है। उन्होंने बताया कि रूट डायवर्जन, ट्रैफिक नियंत्रण एवं आपातकालीन व्यवस्था के लिए कंट्रोल रूम 24 घंटे क्रियाशील है।
कांवड़ियों ने प्रशासन द्वारा इस प्रकार की समर्पित पहल से श्रद्धालुओं में अपार उत्साह देखा गया और उन्होंने प्रशासन का धन्यवाद व्यक्त किया। यह पहल न केवल धार्मिक आयोजनों के प्रति प्रशासन की संवेदनशीलता को दर्शाती है, बल्कि जनसहभागिता एवं विश्वास का एक मजबूत उदाहरण भी प्रस्तुत करती है।
इस अवसर पर एडीएम वित्त एवं राजस्व लालता प्रसाद शाक्य, एडीएम प्रशासन सत्य प्रकाश, एएसपी राज कुमार सिंह, एसडीएम सदर विपिन कुमार, डिप्टी कलेक्टर सतीश कुमार, डीओ फूड चमन लाल, तहसीलदार नीरज वार्ष्णेय सहित अन्य अधिकारीगण आदि मौजूद रहे।