

ज्ञानदीप स्कूल पचंबा में इनरव्हील क्लब ऑफ गिरिडीह सनशाइन ने चलाया पर्यावरण सुरक्षा अभियान
आज पचंबा स्थित ज्ञानदीप स्कूल में पर्यावरण संरक्षण को लेकर इनरव्हील क्लब ऑफ गिरिडीह सनशाइन द्वारा एक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अवसर पर बच्चों को “आई लव इनरव्हील” प्रिंट वाला कपड़े का थैला वितरित किया गया तथा उन्हें “प्लास्टिक बैग हटाओ, कपड़े का बैग अपनाओ” की शपथ भी दिलाई गई।
कार्यक्रम का उद्देश्य पर्यावरण के प्रति जागरूकता फैलाना और प्लास्टिक के दुष्प्रभावों से बचाव के लिए वैकल्पिक उपायों को अपनाने पर जोर देना था। बच्चों में उत्साह देखते ही बनता था, जिन्होंने कपड़े के थैलों को अपनाने का वचन लिया। इस अवसर पर इनरव्हील क्लब ऑफ गिरिडीह सनशाइन और रोटरी क्लब के संयुक्त तत्वावधान में पूर्व में लगाए गए पौधों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए बांस की बनी जाली से उनका घेराव किया गया, जिससे पौधों को पशुओं और बाहरी नुकसान से बचाया जा सके।
इस आयोजन को सफल बनाने में क्लब की PDC पूनम सहाय, प्रेसिडेंट कविता राजगढ़िया, ISO दीप्ति सिंहा तथा अन्य सदस्यों का महत्वपूर्ण योगदान रहा। सभी ने मिलकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया और समाज को हरियाली की दिशा में प्रेरित करने का संकल्प लिया।