
बरेली :: हाफिजगंज थाना क्षेत्र के गांव फैजुल्लापुर के पास 30 साल से बंद पड़ी खेतान फैक्टरी में तेंदुआ पहुंच गया। बृहस्पतिवार शाम तेंदुए ने चौकीदार की गाय को घायल कर दिया। इस दौरान चौकीदार ने छत पर चढ़कर उसका वीडियो बना लिया। सूचना पर पुलिस और वन विभाग की टीम पहुंच गई। वन विभाग के अधिकारियों का कहना है कि तेंदुए को पकड़ने के लिए पिंजरे लगाए गए हैं। तेंदुआ देखे जाने से इलाके में दहशत है।
हाफिजगंज के गांव फैजुल्लापुर के पास खेतान फैक्टरी 240 बीघा से ज्यादा भूमि पर फैली हुई है। फैक्टरी 30 साल से बंद होने के कारण पूरे परिसर में पेड़, झाड़ियां उग आईं हैं। फैक्टरी में फैजुल्लापुर के अजय कुमार चौकीदारी करते हैं। उन्होंने बताया कि एक सप्ताह पहले भी उन्होंने तेंदुआ देखा था। वन विभाग की सूचना दी, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। बृहस्पतिवार रात तेंदुए ने उनकी गाय पर हमला कर दिया।