
राज्यसभा सांसद दीपक प्रकाश पहुंचे गिरिडीह, प्रेसवार्ता कर कहा मोदी सरकार के 11 साल, देश को दी नई दिशा
वियो : भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष व राज्यसभा सांसद दीपक प्रकाश गुरुवार को गिरिडीह पहुंचे। इस दौरान उन्होंने परिसदन भवन में प्रेस वार्ता कर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के 11 वर्षों की उपलब्धियों को मीडिया के समक्ष रखा। उन्होंने इसे सेवा, सुशासन और सुरक्षा का युग बताया।
दीपक प्रकाश ने कहा कि मोदी सरकार ने सिर्फ देश के भीतर नहीं, बल्कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी भारत की ताकत को साबित किया है। उन्होंने हाल ही में जम्मू-कश्मीर में चलाए गए ‘ऑपरेशन सिंदूर’ का ज़िक्र करते हुए कहा कि इस अभियान में सुरक्षा बलों ने जिस तरह से आतंकियों को मुंहतोड़ जवाब दिया, वह भारत की नई सुरक्षा नीति का प्रमाण है। उन्होंने कहा कि अब समय है कि इन उपलब्धियों को जन-जन तक पहुँचाया जाए, ताकि हर नागरिक मोदी सरकार की विकास यात्रा से खुद को जुड़ा महसूस कर सके।
प्रेस वार्ता में उनके साथ जमुआ विधायक मंजू देवी, जिला अध्यक्ष महादेव दुबे, योगेन्द्र प्रसाद सहित भाजपा के कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे। सभी ने एक स्वर में कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के 11 वर्षों के कार्यकाल ने देश को आत्मनिर्भर, सुरक्षित और वैश्विक मंच पर सम्मानित राष्ट्र बना दिया है।