
लखनऊ। आजाद अधिकार सेना के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमिताभ ठाकुर ने आज यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को पत्र भेज कर आईएएस अफसर तथा पूर्व सूचना निदेशक शिशिर के संबंध में सामने आए तथ्यों की जांच की मांग की है.
अपने पत्र में उन्होंने कहा है कि आईएएस के रूप में शिशिर की नियुक्ति मई 2019 में हुई थी. अतः उन्हें 1 जनवरी 2020 को अपना वार्षिक संपत्ति विवरण भारत सरकार को प्रेषित करना था.
डीओपीटी, भारत सरकार के वेबसाइट के अनुसार शिशिर द्वारा पिछले 6 वर्षों में अपना कोई भी वार्षिक संपत्ति विवरण दिया जाना नहीं पाया गया, जो आईएएस आचरण नियमावली का स्पष्ट उल्लंघन है.
साथ ही शिशिर के ग्राम अनोरा, तहसील सदर, लखनऊ स्थित एक विशाल फार्म हाउस में निवास करने के तथ्य सामने आए हैं, जिसके संबंध में भी जांच आवश्यक है.
अमिताभ ठाकुर ने मुख्यमंत्री से इन समस्त तथ्यों की जांच कराते हुए नियमानुसार कार्रवाई किए जाने की मांग की है.