
एटा।समस्याओं को लेकर अभाकियू ने तहसील में दिया धरना एसडीएम को सौंपा ज्ञापन, समस्याओं के निवारण की मांग जलेसर। बिजली, पानी और यूरिया की समस्या से जूझ रहे किसानों की समस्याओं के निवारण के लिए सोमवार को अखिल भारतीय किसान यूनियन ने तहसील में धरना देकर एसडीएम को ज्ञापन सौंपा। धरने को लेकर प्रशासन ने सुबह से ही तहसील को छावनी में तब्दील कर रखा था तथा भारी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया था। अखिल भारतीय किसान यूनियन के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिल संघर्षी ने किसानों की समस्याओं को लेकर सोमवार को जलेसर तहसील में आयोजित धरना को समबिधित करते हुए कहा कि किसानों को रोस्टर के अनुसार 10 घंटे विद्युत आपूर्ति न मिलने से फसलों की सिंचाई प्रभावित हो रही है, वही गंगा-यमुना में बाढ़ के बावजूद भी नहर, रजवाह व माइनरों में ही पानी नहीं आ रहा है। खुदरा व थोक विक्रेताओं द्वारा यूरिया खाद की कालाबाजारी की जा रही है और प्रशासन चुप है। उन्होंने किसानों की समस्याओं को लेकर एसडीएम सुखलाल प्रसाद वर्मा को 7 सूत्रीय ज्ञापन सौंपा। जिस पर एसडीएम ने शीघ्र व्यवस्थाओं में सुधार का आश्वासन दिया है। अभाकियू के धरने को लेकर पुलिस-प्रशासन सुबह से ही मुस्तैद दिखा। सीओ सदर आईएन खान तथा कोतवाली प्रभारी कृष्णपाल सिंह के नेतृत्व में तैनात कई थानों के पुलिस बल ने तहसील परिसर को छावनी बना दिया। वहीं भीड़भाड़ के दृष्टिगत तहसील में कई पटलों को बंद भी कराया गया। इस अवसर पर राष्ट्रीय महासचिव सुरेंद्र शास्त्री, राष्ट्रीय अध्यक्ष युवा अनुराग सिंह, प्रदेश अध्यक्ष रामकिशन यादव, दिनेश यादव, बबलेश यादव, नीतू यादव सहित अनेक पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे। ————–———————– फोटो: -जलेसर तहसील परिसर में किसानों की समस्याओं को लेकर धरने को संबोधित करते आभाकियू के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिल संघर्षी।