
नई दिल्ली। भारतीय मीडिया फाउंडेशन के राष्ट्रीय चेयरमैन संजय कुमार मौर्य ने पाकिस्तान द्वारा प्रायोजित आतंकवाद का करारा विरोध करते हुए भारत सरकार द्वारा उठाए गए जवाबी कार्रवाई का पुरजोर समर्थन किया है। उन्होंने कहा कि भारतीय सेना की इस कार्रवाई से यह स्पष्ट होता है कि देश आतंकवाद के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने के लिए पूरी तरह से तैयार है और भारतीय मीडिया फाउंडेशन इस कदम का पूर्ण समर्थन करता है।
श्री मौर्य ने आगे जानकारी देते हुए बताया कि ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के तहत की गई सर्जिकल स्ट्राइक ने पाकिस्तान में सक्रिय आतंकवादी संगठनों के खिलाफ एक मजबूत संदेश दिया है। उन्होंने बताया कि प्राप्त सूचनाओं के अनुसार, भारतीय सेना ने बहादुरी का परिचय देते हुए आधी रात को नियंत्रण रेखा (LOC) के पार स्थित 9 आतंकवादी ठिकानों पर अचूक हमला किया। इन हमलों में मुख्य रूप से लश्कर-ए-तैयबा, जैश-ए-मोहम्मद और हिजबुल मुजाहिदीन जैसे खूंखार आतंकवादी संगठनों के ठिकानों को निशाना बनाया गया।
सूत्रों के हवाले से मिली जानकारी के अनुसार, इस सटीक और प्रभावी कार्रवाई में भारतीय सेना द्वारा 24 मिसाइलों का इस्तेमाल किया गया। इस साहसिक सैन्य अभियान में 70 से अधिक आतंकवादियों के मारे जाने की खबर है, जो आतंकवाद के खिलाफ भारत की ‘जीरो टॉलरेंस’ (शून्य सहिष्णुता) नीति को स्पष्ट रूप से दर्शाता है।
श्री मौर्य ने कहा कि भारतीय सेना ने हमेशा देश की एकता और अखंडता की रक्षा के लिए महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है और इस ताजा कार्रवाई ने एक बार फिर उनकी क्षमता और दृढ़ संकल्प को साबित किया है। उन्होंने जोर देकर कहा कि इस कार्रवाई से आतंकवादी संगठनों के खिलाफ एक स्पष्ट और कड़ा संदेश गया है कि भारत अपनी सुरक्षा और नागरिकों की रक्षा के लिए किसी भी हद तक जा सकता है।
उन्होंने इस बात पर संतोष व्यक्त किया कि सरकार और विपक्ष दोनों ने ही इस सैन्य कार्रवाई का एक स्वर में समर्थन किया है। इसके अतिरिक्त, आम नागरिकों और विभिन्न धार्मिक नेतृत्वों ने भी भारतीय सेना के इस कदम की सराहना की है और अपना पूर्ण समर्थन व्यक्त किया है।
भारतीय मीडिया फाउंडेशन के राष्ट्रीय चेयरमैन संजय कुमार मौर्य ने अंत में कहा कि यह जवाबी कार्रवाई आतंकवाद के खिलाफ भारत की मजबूत इच्छाशक्ति को दर्शाती है और देश की सुरक्षा के लिए उठाया गया एक अत्यंत महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने भारतीय सेना के शौर्य और सरकार के दृढ़ नेतृत्व की सराहना की।