राहुल गांधी वीडियो शेयर कर मोदी सरकार को घेरा, कहा- GDP में गिरावट की वजह ‘गब्बर सिंह टैक्स’

कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष और नेता राहुल गांधी ने एक बार फिर देश की गिरती अर्थव्यवस्था को लेकर केंद्र सरकार पर हमला बोला है. राहुल गांधी ने कहा है कि GDP में ऐतिहासिक गिरावट का एक और बड़ा कारण है- मोदी सरकार का गब्बर सिंह टैक्स यानि GST. बता दें कि इससे पहले भी दो बार राहुल गांधी अर्थव्यवस्था को लेकर वीडियो के जरिए केंद्र सरकार पर हमला बोल चुके हैं. वीडियो में राहुल गांधी ने कहा है कि जीएसटी गरीबों और छोटे दुकानदारों, किसान और मजदूरों पर आक्रमण है.
राहुल गांधी ने वीडियो शेयर करते हुए कहा, जीएसटी यूपीए सरकार का आइडिया था. एक टैक्स, कम से कम टैक्स, साधारण और सरल टैक्स. लेकिन इस टैक्स की शुरुआत एनडीए के कार्यकाल में हुई जो यूपीए से बिल्कुल अलग है. इस टैक्स को समझना ही बहुत मुश्किल है. जो छोटे और मध्यम कारोबारी है वह इस टैक्स को भर ही नहीं सकते हैं. उन्होंने कहा कि टैक्स को अगर आसान बनाना था तो चार अलग-अलग रेट क्यों है? सरकार की मंशा है जिसकी पहुंच हो वह जीएसटी को आसानी से बदल सके और जिसकी पहुंच न हो वो जीएसटी के बारे में कुछ कर ही न पाए. उन्होंने कहा कि जीएसटी इस समय देश के सबसे बड़े 15 से 20 उद्योगपतियों की पहुंच तक ही है.