रोहिन बैराज का उद्घाटन तथा 654 करोड़ रु0 से अधिक की लागत की 629 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया

मुख्यमंत्री ने जनपद महराजगंज में रोहिन बैराज का उद्घाटन तथा 654 करोड़ रु0 से अधिक की लागत की 629 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया

विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों को प्रमाण-पत्र, टूल किट, प्रतीकात्मक चेक

वनटांगिया एवं मुसहर ग्रामों के लाभार्थियों को आवास की चाभी और आयुष्मान भारत योजना का प्रमाण-पत्र प्रदान किया

नव चयनित चिकित्सकों और आंगनबाड़ी कार्यकर्त्रियों को नियुक्ति पत्र वितरित किए, कक्षा 01 में प्रवेश लेने वाली बेटियों को यूनीफॉर्म किट एवं ‘बेटी
बचाओ बेटी पढ़ाओं अभियान’ के अन्तर्गत बेबी किट प्रदान की

प्रधानमंत्री जी के प्रेरणादायी मार्गदर्शन में उ0प्र0 विगत
08 वर्षों में नई ऊँचाइयों को छू रहा : मुख्यमंत्री

रोहिन बैराज के माध्यम से 5,400 हेक्टेयर भूमि को सिंचाई सुविधा प्राप्त
होगी, जिससे यहां के लगभग 16 हजार अन्नदाता किसान लाभान्वित होंगे

रोहिन बैराज को बनैलिया माता के नाम पर जाना जाएगा

महराजगंज अब पिछड़ा जिला नहीं, प्रदेश अब बीमारू राज्य भी नहीं

महराजगंज में अनेक 4-लेन सड़कों का निर्माण किया गया,

जनपद में मेडिकल कॉलेज का शुभारम्भ हो चुका

सोनौली बॉर्डर पर महराजगंज में एक ड्राई पोर्ट बन रहा

आनन्द नगर से महराजगंज होते हुए सिसवां तक रेलवे की
एक नई लाइन बिछाने की कार्यवाही आगे बढ़ने जा रही

विगत 08 वर्षों में उ0प्र0 देश की दूसरी बड़ी अर्थव्यवस्था
बना, 56 लाख गरीबों को आवास की सुविधा प्रदान की गई

मुसहर, वनटांगिया, थारू, कोल, भील, गोंड आदि जनजातियों को जनकल्याणकारी योजनाओं से शतप्रतिशत सेचुरेट करने का कार्य किया गया

महराजगंज के केवलापुर में मुख्यमंत्री कम्पोजिट विद्यालय का निर्माण किया जा रहा

महराजगंज के मधवलिया में बहुत अच्छी गोशाला चल रही,
प्रदेश सरकार इसके संरक्षण व विकास के लिए कार्य करेगी

2025-26 के सत्र में महराजगंज का केन्द्रीय विद्यालय भी प्रारम्भ होने जा रहा, स्पोर्ट्स स्टेडियम का लोकार्पण भी हो रहा

महराजगंज जनपद मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास
अभियान में प्रदेश के सभी जनपदों में नम्बर एक

लखनऊ। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह नया भारत है, जहां बिना किसी भेदभाव के कार्य किया जाता है। प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में आज पूरी दुनिया इस नये भारत का दर्शन कर रही है। उनके प्रेरणादायी मार्गदर्शन में उत्तर प्रदेश विगत 08 वर्षों में नई ऊँचाइयों को छू रहा हैं। महराजगंज अब पिछड़ा जिला नहीं है। प्रदेश अब बीमारू राज्य भी नहीं है।
मुख्यमंत्री शनिवार को जनपद महराजगंज में रोहिन बैराज का उद्घाटन तथा 654 करोड़ रुपये से अधिक लागत की 629 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास करने के पश्चात अपने विचार व्यक्त कर रहे थे। इनमें 348 करोड़ रुपये से अधिक की 247 परियोजनाओं का लोकार्पण तथा 306 करोड़ रुपये से अधिक लागत की 382 परियोजनाओं का शिलान्यास सम्मिलित हैं। इस अवसर पर उन्हांने बटन दबाकर बैराज से निकली नहर में जल का प्रवाह किया।
मुख्यमंत्री ने विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों को प्रमाण-पत्र, टूल किट तथा प्रतीकात्मक चेक प्रदान किए। उन्होंने वनटांगिया एवं मुसहर ग्रामों के लाभार्थियों को मुख्यमंत्री आवास योजना के तहत आवास की चाभी और आयुष्मान भारत योजना का प्रमाण-पत्र भी वितरित किया। मुख्यमंत्री जी ने आर0बी0एस0के0 योजना के तहत नव चयनित चिकित्सकों और आंगनबाड़ी कार्यकर्त्रियों को नियुक्ति पत्र प्रदान किए। उन्होंने कक्षा 01 में प्रवेश लेने वाली बेटियों को यूनीफॉर्म किट एवं ‘बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओं अभियान’ के अन्तर्गत बेबी किट प्रदान की। मुख्यमंत्री ने बच्चों का अन्नप्राशन तथा गर्भवती महिलाओं की गोदभराई की।
मुख्यमंत्री ने माँ बनैलिया देवी को नमन करते हुए कहा कि नवरात्रि की नौ तिथियां बासन्तिक और शारदीय नवरात्रि के रूप में वर्ष में दो बार आती हैं। प्रत्येक सनातन धर्मावलम्बी जगत जननी माँ भगवती के अनुष्ठान से जुड़कर उनसे शक्ति की याचना कर स्वयं को लोकमंगल व राष्ट्र कल्याण के लिए समर्पित करता है। उन्हें आज जनपद के नौतनवा विधानसभा क्षेत्र में स्थित रोहिन नदी के बैराज के लोकार्पण का अवसर प्राप्त हुआ है।
इस बैराज के माध्यम से 5,400 हेक्टेयर भूमि को सिंचाई सुविधा प्राप्त होगी, जिससे यहां के लगभग 16 हजार अन्नदाता किसान लाभान्वित होंगे। यह बैराज अच्छी वॉटर बॉडी साबित हो सकता है। लोग यहां पर्यटन तथा नौकायन के लिए आ सकते हैं। अच्छे-अच्छे रेस्टोरेण्ट बनाए जा सकते हैं। नये-नये रोजगार सृजित होंगे। बाढ़ से बचाव होगा। पहले महराजगंज में महाव नाला के कारण सैकड़ों हेक्टेयर भूमि जलमग्न हो जाती थी।
यहां से कुछ दूर माँ बनैलिया माता का मन्दिर भी है। रोहिन बैराज को माँ बनैलिया माता के नाम पर जाना जाएगा। इस बैराज पर बनैलिया माता का चित्र बनाकर उनका नाम लिखा जाना चाहिए। यदि उनकी कृपा बनी रहेगी, तो बैराज सुरक्षित रहेगा। रोहिन नदी नेपाल से निकलकर आती है। यह नदी महराजगंज से होते हुए गोरखपुर जनपद में प्रवेश करती है, जहां डोमिनगढ़ के पास यह राप्ती नदी में मिल जाती है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि विकास का कोई विकल्प नहीं है। विकास से आपके जीवन को मंगलमय बनाने के लिए डबल इंजन सरकार आगे बढ़ रही है। आज यहां 650 करोड़ रुपये की परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया जा रहा है। इसमें सिंचाई, बाढ बचाव, सड़क आदि से सम्बन्धित परियोजनाएं सम्मिलित हैं। जनपद में प्रत्येक क्षेत्र में कार्य प्रारम्भ हुआ है। महराजगंज में मेडिकल कॉलेज का शुभारम्भ हो चुका है।
महराजगंज जनपद में वर्ष 2017 से पूर्व कोई 04 लेन सड़क नहीं थी। अब यहां 4-लेन की अनेक सड़कों का निर्माण किया जा चुका है। गोरखपुर-नौतनवां-सुनौली 4-लेन मार्ग का निर्माण कार्य अन्तिम चरणों में है। फरेन्दा से महराजगंज का मार्ग 4-लेन की दिशा में आगे बढ़ रहा है। गोरखपुर से ठूठीबारी मार्ग भी 4-लेन बनने की दिशा में आगे बढ़ रहा है। गांवों के 03 मीटर के मार्ग को बढ़ाकर 07 मीटर तथा 07 मीटर के मार्ग को 10 मीटर किया जा रहा है।
गांव, गरीब, किसान, युवा, महिलाओं आदि सभी को जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पारदर्शी तरीके से प्राप्त हो रहा है। प्रधानमंत्री ने विगत 10 वर्षों में पूरे देश की कायाकल्प की है। भारत आज विकास की नई बुलन्दियों को छू रहा है। आज से 10 वर्ष पूर्व भारत दुनिया की 11वीं अर्थव्यवस्था माना जाता था। प्रधानमंत्री जी के नेतृत्व में भारत दुनिया की पांचवीं बड़ी अर्थव्यवस्था बन चुका है। अगले दो वर्षों में देश तीसरी बड़ी अर्थव्यवस्था बनने वाला है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि देश के प्रत्येक क्षेत्र में कार्य हो रहे हैं। बड़े-बड़े हाईवे का निर्माण किया जा रहा है। ड्राई पोर्ट बन रहे हैं। सोनौली बॉर्डर पर महराजगंज में भी एक ड्राई पोर्ट बन रहा है। रेलवे की नई-नई लाइनें बिछ रही हैं। आनन्द नगर से महराजगंज होते हुए सिसवां तक रेलवे की एक नई लाइन बिछाने की कार्यवाही आगे बढ़ने जा रही है। मेडिकल कॉलेजों का निर्माण किया जा रहा है। प्रत्येक गांव को अच्छी सड़क कनेक्टिविटी प्रदान की जा रही है। हर घर बिजली योजना के बाद अब हर घर नल योजना साकार होने जा रही है। मेट्रो, रोपे-वे, वॉटर-वे आदि से सम्बन्धित कार्य भी एक-एक कर पूरे होते जा रहे हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि लोक कल्याण के कार्यों को भी प्राथमिकता के साथ आगे बढ़ाया जा रहा है। देश में 80 करोड़ लोग निःशुल्क राशन की सुविधा प्राप्त कर रहे हैं। 50 करोड़ से अधिक लोगों को प्रतिवर्ष 05 लाख रुपये के स्वास्थ्य बीमा का लाभ प्रदान किया जा रहा है। 12 करोड़ घरों में शौचालयों का निर्माण हो चुका है। 10 करोड़ घरों में उज्ज्वला योजना का निःशुल्क रसोई गैस कनेक्शन पहुंच चुका है। 04 करोड़ लोगों के घर बन गये हैं। साढ़े 03 करोड़ लोगों के घरों में बिजली पहुंच गई हैं। करोड़ों लोगों को नौकरी और रोजगार से जोड़ा गया है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री ने विकास और विरासत का समन्वय करते हुए काशी विश्वनाथ धाम कॉरिडोर का निर्माण कराया है। 500 वर्षों की प्रतीक्षा के पश्चात अयोध्या में श्रीरामलला अपने भव्य मन्दिर में विराजमान हुए हैं। महाकुम्भ-2025 का दर्शन कर पूरी दुनिया स्तब्ध रह गई। 66 करोड़ से अधिक लोगां ने त्रिवेणी के पावन संगम में स्नान कर पुण्य प्राप्त किया। यह केवल भारत में ही हो सकता है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्ष 1947 से वर्ष 2017 तक लगभग 70 वर्षों में प्रदेश देश की 7वीं बड़ी अर्थव्यवस्था था। विगत 08 वर्षों में उत्तर प्रदेश देश की दूसरी बड़ी अर्थव्यवस्था बन चुका है। प्रदेश में 56 लाख गरीबों को आवास की सुविधा प्रदान की गई। वनटांगिया गांवों को मान्यता दी गई। मुसहर, वनटांगिया, थारू, कोल, भील, गोंड आदि जनजातियों को जनकल्याणकारी योजनाओं से शतप्रतिशत सेचुरेट करने का कार्य किया गया। उन्हें हर सुविधाओं से युक्त किया गया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में विगत 08 वर्षों में अनेक कार्य किये गये हैं। देश में सर्वाधिक एक्सप्रेस-वे, रेलवे नेटवर्क, मेट्रो, प्रतिभाशाली युवा उत्तर प्रदेश में हैं। उत्तर प्रदेश सर्वाधिक एम0एस0एम0ई0 बेस रखने तथा सर्वाधिक रोजगार प्रदान करने वाला राज्य है। प्रदेश में 15 करोड़ से अधिक लोगों को हर महीने निःशुल्क राशन की सुविधा प्रदान की जा रही है। 10 करोड़ लोगों को 05 लाख रुपये का स्वास्थ्य बीमा कवर प्रदान किया जा रहा है। प्रदेश में युवाओं के लिए रोजगार, अच्छी पढ़ाई, बेटी की सुरक्षा, व्यापारी के सम्मान और अन्नदाता किसानों की खुशहाली के लिए डबल इंजन सरकार पूरी मजबूती के साथ कार्य कर रही है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सिंचाई विभाग ने विगत 08 वर्षों में अनेक कार्य किये हैं। बुन्देलखण्ड में प्रधानमंत्री कृषि सिंचाई योजना के अन्तर्गत अर्जुन सहायक परियोजना का निर्माण किया गया। इसके माध्यम से हजारों हेक्टेयर भूमि की सिंचाई की जाती है। जब यह परियोजना नहीं थी, तो बुन्देलखण्ड के महोबा में खेत का किराया 05 हजार रुपये से अधिक नहीं प्राप्त होता था। आज महोबा में उसी खेत का 50 हजार रुपये वार्षिक किराया प्राप्त होता है। इससे किसानों की आमदनी में वृद्धि हुई है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि विन्ध्य क्षेत्र में बाण सागर परियोजना ढाई लाख हेक्टेयर भूमि को सिंचाई की सुविधा प्रदान करती है। वर्ष 2021 में सरयू नहर परियोजना का लोकार्पण प्रधानमंत्री के कर-कमलों द्वारा किया गया। इसके माध्यम से 14 लाख हेक्टयेर भूमि को सिंचाई की सुविधा प्राप्त हो रही है। प्रदेश में विगत 08 वर्षों में 23 लाख हेक्टेयर भूमि को सिंचाई की सुविधा प्रदान की गई। प्राइवेट ट्यूबेल लगाने वाले 14 लाख अन्नदाता किसानों को निःशुल्क बिजली के कनेक्शन प्रदान किये गये।
मुख्यमंत्री ने कहा कि श्रमिकों के बच्चों के लिए अटल आवासीय विद्यालय बनाये जा रहे हैं। मुख्यमंत्री कम्पोजिट विद्यालयों का निर्माण भी किया जा रहा है। इनके इन्टीग्रेटेड कैम्पस में प्री-प्राइमरी से लेकर सीनियर सेकेण्ड्री लेवल तक शिक्षा की व्यवस्था की जाएगी। महराजगंज के केवलापुर में मुख्यमंत्री कम्पोजिट विद्यालय का निर्माण किया जा रहा है। अगले चरण में प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में इन विद्यालयों का निर्माण किया जाएगा। इसके पश्चात प्रत्येक विकासखण्ड क्षेत्र में भी इन विद्यालयां का निर्माण होगा। बेटियां की सुरक्षा और स्वावलम्बन का कार्यक्रम आगे बढ़ाया जा रहा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में जीरो पावर्टी के कार्यक्रम को आगे बढ़ाया जा रहा है। अगले 03 वर्षों में गरीबी को हरहाल में समाप्त कर प्रदेश को एक समृद्ध राज्य के रूप में स्थापित करना है। पात्रता की श्रेणी में आने वाले प्रत्येक व्यक्ति को शासन की योजनाओं का लाभ प्रदान किया जाएगा। जिन व्यक्तियों को यह लाभ नहीं मिला है, उनके सर्वे का कार्य अन्तिम चरणां में चल रहा है। जीरो पावर्टी के लक्ष्य को प्राप्त करते हुए प्रदेश को देश की नम्बर एक अर्थव्यवस्था बनाने का कार्य किया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि कार्यक्रम में आने से पूर्व उन्हें नौनिहाल बच्चों से मिलने व अन्नप्राशन करने तथा बेसिक शिक्षा परिषद में प्रथम बार प्रवेश लेने वाले बच्चों को स्कूली बैग प्रदान करने का अवसर प्राप्त हुआ। यह अपनी नई पीढ़ी को गढ़ने की एक श्रृंखला है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में अन्नदाता किसानों के लिए ऋण माफी कार्यक्रम, प्रधानमंत्री कृषि सिंचाई योजना, प्रधानमंत्री कृषक बीमा योजना और प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि जैसी योजनाएं हैं। आज प्रदेश में कहीं भी दंगा नहीं होता। पर्व और त्योहार शान्तिपूर्वक मनाये जाते हैं। लोगों को इंसेफेलाइटिस बीमारी से मुक्ति मिली है। डेंगू, कालाजार तथा चिकनगुनिया को नियन्त्रित किया जा चुका है। मलेरिया को कम किया गया है। ट्यूबरक्लोसिस के खिलाफ अभियान चल रहा है। टी0बी0 के रोगियों को चिन्हित कर उन्हें पोषण पोटली प्रदान करते हुए सहायता प्रदान की जा रही है। प्रधानमंत्री ने वर्ष 2025 तक देश में ट्यूबरक्लोसिस पूरी तरह समाप्त करने का लक्ष्य रखा है। स्वस्थ समाज से सशक्त राष्ट्र का मार्ग प्रशस्त होगा। विकसित भारत के लिए हमें इस दिशा में कदम आगे बढ़ाना होगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि महराजगंज के मधवलिया में बहुत अच्छी गोशाला चल रही है। प्रदेश सरकार इसके संरक्षण व विकास के लिए कार्य करेगी। जिससे यहां के गोवंश, दुग्ध उत्पादन व डेयरी के क्षेत्र में नई सम्भावनाओं को आगे बढ़ाया जा सके। वर्ष 2025-26 के सत्र में महराजगंज का केन्द्रीय विद्यालय भी प्रारम्भ होने जा रहा है। स्पोर्ट्स स्टेडियम का लोकार्पण भी हो रहा है। मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान के अन्तर्गत युवाओं को उद्यम स्थापित करने के लिए रजिस्ट्रेशन कराने पर 05 लाख रुपये तक का ब्याज मुक्त ऋण प्रदान करने की व्यवस्था की गई है। महराजगंज जनपद मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान में प्रदेश के सभी जनपदों में नम्बर एक पर आया है। यहां लगभग 01 हजार युवा उद्यमियों को ब्याजमुक्त ऋण की सुविधा प्रदान की गई है। अलग-अलग सेक्टरों को चिन्हित करते हुए इस अभियान को आगे बढ़ाने की आवश्यकता है। यहां के कालानमक चावल, दलहन, तिलहन, सब्जी, श्रीअन्न, नेचुरल फार्मिंग, हॉर्टिकल्चर, डेयरी, बकरी पालन, मत्स्य पालन आदि क्षेत्रों में सम्भावनाआें को आगे बढ़ाने की आवश्यकता है।
केन्द्रीय वित्त राज्यमंत्री पंकज चौधरी एवं प्रदेश के जलशक्ति मंत्री स्वतंत्रदेव सिंह ने भी कार्यक्रम को सम्बोधित किया।
इस अवसर पर आयुष राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) दयाशंकर मिश्र ‘दयालु’, विधायक ज्ञानेन्द्र सिंह, प्रेमसागर पटेल, जय मंगल कनौजिया सहित अन्य जनप्रतिनिधिगण, प्रमुख सचिव सिंचाई अनिल गर्ग सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।
राम आसरे

About The Author

निशाकांत शर्मा (सहसंपादक)

Learn More →

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

× अब ई पेपर यहाँ भी उपलब्ध है
अपडेट खबर के लिए इनेबल करें OK No thanks