आगरा में जिम करने गई महिला के साथ हुई अभद्रता,

जिला आगरा में जिम करने गई महिला के साथ हुई अभद्रता, शिकायत के बावजूद पुलिस ने नहीं लिया संज्ञान, फिर ऐसे हरकत में आई
आगरा। कमला नगर की एक जिम में महिला के साथ छेड़छाड़ और अभद्रता की गई। छेड़छाड़ और अभद्रता का महिला के देवर ने विरोध किया तो आरोपियों ने उसके साथ मारपीट की और रॉड से हमला करने का प्रयास किया। पीड़ित ने इस घटना की जानकारी पुलिस को दी लेकिन पुलिस टहलाती रही लेकिन जैसे ही मामला सुर्खियों में आया और पुलिस को पता चला कि पीड़ित महिला वायुसेना के अधिकारी की रिश्तेदार है तब जाकर पुलिस हरकत में आई। पुलिस ने पीड़ित महिला की तहरीर पर कार्यवाही की और छेड़छाड़ करने वाले युवकों को गिरफ्तार किया।
नाई की मंडी क्षेत्र की महिला पति और देवर के साथ कमलानगर स्थित जिम में आती हैं। शुक्रवार को पति के साथ न आने पर महिला अपने देवर के साथ जिम आई। आरोप है कि जिम में आयुष शर्मा और प्रतियुष शर्मा अपने दो दोस्तों अभिषेक यादव और शशांक गुप्ता के साथ आए थे। दोनों को जिम ज्वाइन करना था। वह महिला को घूरने लगे और मोबाइल से वीडियो बनाने लगे।
इसका पता चलने पर महिला ने विरोध किया। मगर, आरोपी युवक महिला से उलझ गए। इस पर महिला का देवर आ गया। वह युवकों से मना करने लगा। उल्टा महिला को ही जिम नहीं आने की नसीहत देने लगे।
युवकों ने महिला के देवर की पिटाई भी कर दी और धमकी देकर चले गए। 30 मिनट बाद दोबारा आए। उनके साथ छह दोस्त और थे। सभी महिला और उनके देवर से विवाद करने लगे। इससे हंगामा हो गया। जिम संचालक ने उन्हें शांत किया। महिला ने पुलिस को सूचना दे दी। पुलिस के आने से पहले आरोपी भाग गए।
महिला के साथ अभद्रता का यह पूरा मामला जिम में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गया। पीड़ित ने कमला नगर थाना में तहरीर दी लेकिन पुलिस ने मुकदमा दर्ज नहीं किया। इसके बाद पीड़ित ने पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी को पूरी घटना की जानकारी दी और अपने आप को वायु सेना अध्यक्ष का रिश्तेदार बताया जिसके बाद पुलिस हरकत में आई। वरिष्ठ अधिकारी के दिशा निर्देश पर कमला नगर थाने में पीड़ित की तहरीर पर छेड़छाड़, बलवा, मारपीट व जान से मारने की धमकी देने की संगीन धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया। मुकदमा दर्ज होने के बाद देर रात पुलिस ने तीन नामजद आरोपियों की गिरफ्तार कर लिया।

About The Author

निशाकांत शर्मा (सहसंपादक)

Learn More →

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

× अब ई पेपर यहाँ भी उपलब्ध है
अपडेट खबर के लिए इनेबल करें OK No thanks