इमरान खान को लगा झटका, भारत से तनाव बढ़ने के बाद जिनपिंग ने दौरा किया रद्द

भारत-चीन सीमा पर तनाव बढ़ने के बाद चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग ने अचानक अपना पाकिस्तान दौरा रद्द कर दिया है. जिनपिंग साल 2020 के आखिर में पाकिस्तान के दौरे पर आने वाले थे लेकिन अब चीनी सरकार ने इसे अनिश्चितकालीन के लिए रद्द कर दिया है. पाकिस्तान सरकार को जिनपिंग दौरे से काफी उम्मीदें थीं और इसमें कई महत्वपूर्ण रक्षा और आर्थिक सौदों पर सहमति बनने की उम्मीद जताई जा रही थी.
सऊदी सरब से बिगड़े रिश्तों के बीच चीन के राष्ट्रपति का भी आने से इनकार करना इमरान खान सरकार के लिए बड़ा झटका है. कर्ज में दबे पाकिस्तान की आखिरी उम्मीद चीन से ही है लेकिन अब वहां भी सब ठीक नज़र नहीं आ रहा है. हालांकि पाकिस्तान में चीन के राजदूत याओ जिंग ने कहा है कि कोरोना वायरस संकट को देखते हुए यह दौरा रद्द किया गया है. उन्होंने कहा कि जल्द ही नई तारीखों का ऐलान किया जाएगा. हालांकि जानकारी के मुताबिक इस दौरे पर संकट के बादलों की असली वजह CPEC के प्रोजेक्ट्स में पाकिस्तान की तरफ से हो रही देरी है.