
राजस्थान पुलिस ने एक कुख्यात “लुटेरी दुल्हन” को गिरफ्तार किया है, जो दिखने में तो भोली भाली है लेकिन उसके कारनामे ऐसे हैं कि सुनकर दंग रह जाएंगे. लुटेरी दुल्हन अमीर युवकों से शादी करती थी और फिर कैश और गहने चुराकर फरार हो जाती थी. अधिकारियों ने बताया कि महिला ऑनलाइन मेट्रोमोनियल साइट के जरिए अमीर लोगों को फंसाती थी और शादी के कुछ दिन बाद ही ब्लैकमेल करके रुपये गहने हड़प कर फरार हो जाती थी. इस लुटेरी दुल्हन को राजस्थान पुलिस ने उत्तराखंड में छापेमारी कर गिरफ्तार किया है.
जोतवाड़ा निवासी एक ज्वैलर ने 29 जुलाई 2023 को पुलिस में केस दर्ज करवाया था. अपनी तहरीर में उन्होंने बताया कि पहली पत्नी की मौत के बाद उन्होंने बच्चों की देखभाल और जीवनसाथी की तलाश में मैरिज ऐप पर रजिस्ट्रेशन करवाया था. इस ऐप पर उन्हें एक महिला मिली, जिससे वे मिलने देहरादून भी गए और सहमति के बाद पिछले साल फरवरी में दोनों ने शादी कर ली.
ज्वैलर ने आरोप लगाया कि उनकी पत्नी, जिसे वे लुटेरी दुल्हन कहते हैं, ने पहले परिवार का भरोसा जीता और फिर अचानक एक दिन घर की तिजोरी से 36.50 लाख रुपये के जेवरात और नकदी साफ कर भाग निकली. यह घटना ज्वैलर के लिए एक बड़ा झटका था, जिसने अपनी पत्नी पर इतना भरोसा किया था.
देहरादून से गिरफ्तार लुटेरी दुल्हन के बारे में डीसीपी अमित कुमार ने बताया कि वह उत्तराखंड के देहरादून की रहने वाली है. इससे पहले भी उसने कई बिजनेसमैन और इंजीनियरों को शादी के जाल में फंसाकर सलाखों के पीछे भिजवाया है.