
केरल के भूस्खलन प्रभावित वायनाड जिले में विभिन्न स्थानों पर शुक्रवार सुबह जमीन के नीचे से रहस्यमय आवाज सुनाई दी। अधिकारियों ने बताया कि अंबालावायल गांव और व्यथिरी तालुक के कुछ इलाकों में तेज आवाज सुनाई दी। पंचायत वार्ड के एक सदस्य ने कहा कि यह आवाज सुबह करीब 10:15 बजे सुनी गई। जमीन के नीचे से रहस्यमयी आवाज से स्थानीय लोगों में दहशत फैल गई। कोझिकोड जिले के कुडुएरिंजी में भी ऐसी ही घटनाएं सामने आईं। आइएएनएस के अनुसार नेशनल सेंटर फार सीस्मोलाजी ने घटना की जांच के बाद कहा यह भूकंप नहीं था। चिंता की बात नहीं है। केरल राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण ने भूकंप की संभावना को खारिज कर दिया। जिलाधिकारी डीआर. मेघश्री ने कहा, जिला प्रशासन ने प्रभावित क्षेत्रों से लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने के लिए कदम उठाए हैं। वायनाड में 30 जुलाई को हुए भीषण भूस्खलन में 226 लोगों की मौत हो गई और कई लोग लापता हो गए थे।