
एटा – मालगाड़ी स्पेशल रेलवे ट्रैक का प्रधानमंत्री वीडियो कांफ्रेसिंग के माध्यम से वर्चुअल लोकार्पण करेंगे। इस कार्यक्रम में सांसद, विधायक सहित अन्य क्षेत्रीय प्रतिनिधियों सहित रेलवे एवं डेडिकेटेड फ्रेट कॉरिडोर के उच्चाधिकारी मौजूद रहेंगे। यह रेल लाइन 500 करोड़ रूपये की लागत से बनकर तैयार हुई है। इससे कोयला ट्रेन जाएंगी।
रविवार को जवाहर तापीय विद्युत परियोजना के चीफ इंजीनियर अजय कुमार एवं रेलवे ट्रैक बनाने वाली संस्था राइट्स के मैनेजर आकाश वर्मा ने बताया कि देश में गति शक्ति योजना के तहत बनकर तैयार हुए सभी फ्रेट कार्गो रेल टर्मिनलों का 12 मार्च को प्रधानमंत्री वीडियो कांफ्रेसिंग के माध्यम से वर्चुअल लोकार्पण करेगें। जिसमें एटा-मलावन के बीच बनकर तैयार हुई नई फ्रेट रेलवे लाइन सहित एटा-बरहन रेल लाइन पर मालगाड़ियों के अवागमन के लिए बनकर तैयार हुई लूप लाइनों का भी लोकार्पण प्रधानमंत्री के माध्यम से किया जाएगा। एटा-मलावन रेल लाइन निर्माण सहित एटा-बरहन रेल लाइन को डीएफसी से जोड़ने के लिए बनाई जाने वाली नई रेल लाइन सहित कुल रेल ट्रैक प्रोजेक्ट पर 1050 करोड़ का खर्चा होना है। इसमें एटा-मलवान रेल लाइन बनकर तैयार हो चुकी है। शिवालय टेहू से डीएफसी के बीच कार्य प्रारंभ होने वाला है।
एटा रेलवे स्टेशन पर होगा लोकार्पण कार्यक्रम: एटा, रविवार को एटा रेलवे स्टेशन के चीफ गुड्स सुपरवाइजर एवं लोकार्पण कार्यक्रम नोडल कमलेश मीना ने बताया कि जवाहर तापीय रेलवे लाइन लोकार्पण का कार्यक्रम एटा रेलवे स्टेशन पर आयोजित किया जाएगा। जिसमें रेलवे क्षेत्रीय जनप्रतिनिधियों सहित रेलवे एवं डेडिकेटेड फ्रेट कॉरिडोर के उच्चाधिकारी मौजूद रहेगे। उन्होंने बताया कि कार्यक्रम में डीएफसी के अधिकारी फ्रेट कॉरिडोर से माल यातायात में हो रही सुविधाओं की जनसमान्य को जानकारी देंगे। कार्यक्रम के दौरान सांस्कृतिक कार्यक्रम भी अयोजित किए जाएगे।
यह लोग होंगे इसमें शामिल :एटा। इस कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के तौर पर सांसद राजवीर सिंह के अलावा विशिष्ट अतिथि के तौर पर सदर विधायक विपिन वर्मा डेविड, मारहरा विधायक वीरेंद्र लोधी, जलेसर विधायक संजीव दिवाकर एवं अंलीगंज विधायक सत्यपाल राठौर सहित अन्य भाजपा के पदाधिकारी उपस्थित रहेंगे।