
एटा, 02 मार्च 2024 (सू0वि0)। जनता की समस्याओं, शिकायतों को एक ही स्थान पर त्वरित गति से निस्तारित किए जाने के उद्देश्य से जनपद की तीनों तहसीलों में सम्पूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। मुख्य विकास अधिकारी डॉ0 एके बाजपेयी की अध्यक्षता में तहसील जलेसर में संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। इस दौरान जनता की समस्याओं को गंभीरता पूर्वक सुना गया। सीडीओ ने कहा कि जनशिकायतों का गुणवत्तापूर्ण निस्तारण निर्धारित समय अवधि में सभी विभागीय अधिकारी अवश्य करें।
अपर जिलाधिकारी प्रशासन सत्य प्रकाश ने तहसील एटा सदर में आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस में प्रतिभाग किया। उन्होंने कहा कि जनता की शिकायतों का निस्तारण सर्वोपरि है, इसमें किसी भी स्तर पर कोताही नहीं होनी चाहिए। जनता की समस्याओं का हर हाल में समाधान होना चाहिए। इसके लिए आवश्यक है कि सभी लेखपाल नियमित रूप से क्षेत्र भ्रमण करें और जनता की समस्याओं का गांव में ही समाधान किया जाए।
एडीएम प्रशासन सत्य प्रकाश ने तहसील एटा सदर में एएसपी धनंजय सिंह कुशवाह, एसडीएम सुश्री भावना, क्षेत्राधिकारी विक्रांत द्विवेदी, तहसीलदार नीरज वार्ष्णेय आदि की उपस्थिति में जनसमस्याओं को सुनते हुए प्राप्त 63 शिकायतों में से 06 का निस्तारण किया। एडीएम वित्त एवं राजस्व आयुष चौधरी ने तहसील अलीगंज में एसडीएम, तहसीलदार सहित अन्य अधिकारियों की उपस्थिति में जनसमस्याओं को सुनते हुए प्राप्त 11 शिकायतों में 02 का मौके पर निस्तारण किया।
तहसील जलेसर में कुल 21 प्राप्त शिकायतों में 02 का मौके पर निस्तारण किया गया। इस अवसर पर सीडीओ डा0 एके बाजपेयी, एसडीएम जलेसर जगमोहन गुप्ता, तहसीलदार संदीप सिंह सहित अन्य जिला स्तरीय अधिकारीगण आदि मौजूद रहे।