
कैमरे और मोबाइल आदि सामान लूट लिया,सूचना पर पहुंची पुलिस ने बचाई जान
“”””””””””””””””””””””””””””””””””””””
बांदा / समाचार कवरेज के लिये गये कुछ पत्रकारों पर खनन पट्टेदार के गुर्गों ने लाठी-डंडों और धारदार हथियारों से कातिलाना हमला बोल दिया। सबको बुरी तरह लाठी-डंडों से पीटा। कैमरे,मोबाइल,और उनका सारा सामान लूट लिया। मारपीट के दौरान एक पत्रकार के गले मे पहना कीमती माला भी टूट कर जमीन मे गिर गया। माले मे गुंथे सोने के कुछ मनके नीचे गिर गये,जिन्हे उठाकर खनन पट्टेदार के दबंग लठैत शैलेन्द्र सिंह यादव ने अपनी जेब मे डाल लिया। विरोध करने पर शैलेन्द्र और उसके साथ के लठैतों ने पत्रकारों को जान से मार देने की धमकी दी। बोले सबको घसीटकर बालू खदान ले चलो। खदान मे सभी को जिन्दा दफन कर देंगे। किसी तरह पत्रकारों ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस के पहुंचने पर बमुश्किल पत्रकारों की जान बच पायी।
वाकया जिले के गिरवां थाना क्षेत्र के बरियारी गांव का है। शुक्रवार को एएसपी बांदा लक्ष्मी निवास मिश्र को दिये गये शिकायती पत्र मे पीडित पत्रकार मनोज गुप्ता-ब्यूरो चीफ,स्पष्ट आवाज लखनऊ,रोहित द्विवेदी-स्वदेश न्यूज चैनल,बालेन्द्र तिवारी – ब्यूरोचीफ दैनिक स्वतंत्र बात,और पत्रकार दीपक पांडेय ने बताया कि गुरुवार की दोपहर वह लोग एक खबर के सिलसिले मे बरियारी गांव गये थे। अपरान्ह करीब 3.30 बजे गांव बाहर एक होटल मे चाय पी रहे थे। तभी केन नदी की बरियारी बालू खदान के लठैतों ने उन पर हमला बोल दिया। पेड की छांव मे खडी बाइकों मे सूजा घुसेडकर उन्हे बर्स्ट कर दिया। इसके बाद लाठी-डंडे लेकर शैलेन्द्र यादव समेत करीब आधा दर्जन गुण्डे उन पर टूट पडे। सबको बुरी तरह पीटा,और सारा सामान लूट लिया। उनकी सूचना पर डायल 112 पुलिस और खत्री पहाड चौकी की पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने बालू खदान के लठैतों को बुलाकर कैमरे और मोबाइल आदि दिलाये,और हमारी जान बचाई।
पीडित पत्रकारों का कहना है कि मारपीट और लूटपाट करने वाले बालू खदान के गुण्डों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उन्हे गिरफ्तार किया जाये,और सभी के खिलाफ कठोर कार्यवाही की जाये।
जांच कराकर कार्यवाही करेंगे-एएसपी
“”””””””””””””””””””””””””””””””””””
एएसपी बांदा लक्ष्मीनिवास मिश्र का कहना है कि इस मामले मे हमने गिरवां एसओ को एक सप्ताह के अंदर जांच कर रिपोर्ट देने को कहा है। अगर बालू खदान के कर्मचारियों को जांच मे दोषी पाया जाता है तो एफआईआर दर्ज कर कठोर कार्यवाही की जायेगी।