
बरेली, 20 जनवरी। समाज कल्याण विभाग के अंतर्गत जनपद बरेली में मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह कार्यक्रम का आयोजन बरेली क्लब में किया गया, जिसमें तहसील सदर, मीरगंज एवं फरीदपुर के अंतर्गत आने वाले विकासखंड के एवं नगरीय निकाय के 523 जोड़ों का विवाह संपन्न हुआ।
मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह कार्यक्रम में आज एक ओर जहां 417 जोड़ों ने एक दूसरे के साथ सात फेरे लिये और दूसरी तरफ 106 जोड़ों का काजी द्वारा निकाह पढ़वाया गया। समाज कल्याण विभाग द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम की तैयारी विभागीय अधिकारी, अन्य जिला स्तरीय अधिकारी तथा मुख्य विकास अधिकारी के निर्देशन में की गई थीं।

माननीय मुख्यमंत्री जी की प्राथमिक योजनाओं में मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह कार्यक्रम के आयोजन को सफल बनाने के लिए दो माह से तैयारियां चल रही थी। बारातियों के स्वागत और वधु को विदाई के समय दिए जाने वाले उपहार में कहीं कोई कमी न रह जाए इसके लिए मुख्य विकास अधिकारी की अध्यक्षता में गठित जिला स्तरीय समिति ने हर कार्य के लिए विशेष ध्यान रखा। वर-वधु को वैवाहिक जीवन की नई शुरुआत करने के लिए आर्शीवाद के साथ विभिन्न सौगातों में प्रेशर, डिनर सेट, सीलिंग फैन, बिछिया, पायल, बक्सा, क्रॉकरी सेट, पैंट-शर्ट का कपड़ा, साड़ी आदि उपहार दिए गए तथा उनके सुखद जीवन के लिये कामना की गयी। इसके साथ वधु को उसके नाम से खुले बैंक बचत खाता में 35000 रुपए की धनराशि भी दी जा रही है।
जिला समाज कल्याण अधिकारी द्वारा जानकारी दी गयी कि मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह कार्यक्रम में आज विकास खण्ड भोजीपुरा के 60, बिथरीचैनपुर के 29, क्यारा के 28, फतेहगंज पश्चिमी के 54, मीगरंज के 61, भुता के 169, फरीदपुर के 80, नगर निगम के 14, नगर पंचायत धौराटांडा के 03, नगर पंचायत रिठौरा के 03, नगर पंचायत शाही के 02, नगर पंचायत फतेहगंज पश्चिमी के 02, नगर पंचायत मीरगंज के 03, नगर पंचायत शीशगढ़ के 06, नगर पंचायत फतेहगंज पूर्वी के 05 तथा नगर पालिका परिषद फरीदपुर के 04 जोड़ों का विवाह सम्पन्न हुआ।