
आठवीं मंजिल से शुक्रवार को लिफ्ट गिरने से नौ लोग घायल
नोएडा, । सेक्टर-125 स्थित रिवर साइट टावर की आठवीं मंजिल से शुक्रवार को लिफ्ट गिरने से नौ लोग घायल हो गए। चार को मामूली चोट आई है, जबकि गंभीर रूप से घायल पांच अन्य का एक निजी अस्पताल में उपचार चल रहा है।
ऑफिस ऑवर समाप्त होने के बाद जब कर्मचारी वापस आ रहे थे उसी समय हादसा हुआ। लिफ्ट तोड़कर अंदर फंसे लोगों को बाहर निकाला गया। सूचना पर करीब 20 मिनट बाद मौके पर सेक्टर-126 थाने की टीम पहुंची। एसीपी रजनीश वर्मा ने बताया, सेक्टर-125 में रिवर साइट टॉवर नाम की एक कामर्शियल इमारत है। यहां पर कई आइटी और अन्य कंपनियों के ऑफिस चलते हैं। शाम पांच बजे ऑफिस का समय समाप्त होने के बाद जब विभिन्न कंपनियों के कर्मचारी लिफ्ट से नीचे जा रहे थे उसी समय आठवीं मंजिल से लिफ्ट टूटकर ग्राउंड फ्लोर पर पहुंच गई। घायल लोगों की सूची में गाजियाबाद के विजयनगर निवासी 22 वर्षीय पीयूष कुमार, क्रॉसिंग रिपब्लिक निवासी 23 वर्षीय अभिषेक कुमार, सबेरी निवासी 24 वर्षीय अभिषेक गुप्ता, परी चौक निवासी 28 वर्षीय सौरभ कटिया, दिल्ली निवासी रजत शर्मा, सेक्टर-22 निवासी शुभम भारद्वाज, सेक्टर-134 निवासी यशु शर्मा और अभिजीत तथा सेक्टर- 51 निवासी सागर के रूप में हुई है। सभी घायल युवा हैं और एक ही कंपनी में नौकरी करते हैं। घायल युवकों को आईसीयू में रखा गया है। लिफ्ट गिरने का कारण अभी पता नहीं चल पाया है।