
युवक की मौत के मामले में हत्या का आरोप लगा, आरोपियों ने की थी पिटाई
एटा। । युवक की मौत के मामले में हत्या का आरोप लगा है। पोस्टमार्टम गृह पहुंचे चाचा ने तीन लोगों पर जमीन का बैनामा कराने के बाद रूपये न देने के विवाद में पिटाई की बात कहीं। पोस्टमार्टम गृह पर दूसरे पक्ष के लोग भी पहुंच गए। हंगामा शुरू हो गया। पुलिस ने बीच-बचाव कराया। इस दौरान पुलिस ने प्रधान को हिरासत में लिया। मामले में तहरीर दी गई है। इस बारे में सीओ का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
थाना राजा का रामपुर के गांव गढ़िया जगन्नाथ निवासी संजीव राठौर (45) पुत्र वीरपाल रविवार शाम को मेडिकल कॉलेज लाया गया। इलाज के दौरान युवक की रात तीन बजे मौत हो गई। शव को पोस्टमार्टम गृह भेज दिया। पोस्टमार्टम गृह पहुंचे मृतक के चाचा राजकुमार ने बताया कि संजीव के नाम चार बीघा जमीन थी जिसका बैनामा शैलेन्द्र ने अपनी पत्नी के नाम करा लिया था। उस समय कुछ रूपये ही दिए थे। रविवार सुबह को संजीव जमीन के बैनामा कराने के पांच लाख रूपये मांगने उसके घर पर पहुंचे। आरोप है कि उसने, अपने भाई, एक अन्य के साथ मिलकर संजीव की पिटाई कर दी। बताया कि मामले की जानकारी डायल-112 को दी गई साथ ही एंबुलेंस के जरिए अलीगंज लाया गया।
हालत गंभीर देख दोपहर 12 बजे मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। मेडिकल कॉलेज में संजीव की इलाज के दौरान मौत हो गई। भाई राजीव सिंह ने तहरीर देते हुए बताया कि पिटाई करने से भाई संजीव की मौत हुई है। एसएचओ रूपेश कुमार वर्मा का कहना है कि पिटाई करने की सूचना पुलिस को नहीं दी गई थी। तहरीर पर जांच की जाएगी। पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार है।
वीडियो बनाने पर भड़के लोग, हुआ हंगामा, पहुंची पुलिस एटा। एक तरफ मृतक पक्ष के घरवाले, अन्य लोग पोस्टमार्टम गृह पर खड़े हुए थे तो वही दूसरी तरफ शैलेन्द्र, प्रधान भी पोस्टमार्टम गृह पहुंच गए। बताया जा रहा है कि एक युवक वीडियो बनाने लगा, जिसे लेकर हंगामा शुरू हो गया। मारपीट की नौबत आ गई। मामले की जानकारी पर नगर पुलिस पहुंची और प्रधान को हिरासत में लिया है। पीड़ित पक्ष का आरोप है कि दूसरे युवक को पुलिस ने मौके से भगा दिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
शुरूआती जांच में सामने आया है कि मृतक पहले से बीमार थे और मेडिकल कॉलेज में भी सीने में दर्द होने की बात बताकर भर्ती कराया गया था। पोस्टमार्टम रिपोर्ट से स्थिति ओर साफ हो जाएगी। मामले की जांच की जा रही है।
सुधांशु शेखर, सीओ अलीगंज एटा।
जिस युवक की मौत हुई है वह पहले से बीमार थे। राजनीतिक द्वेष भावना के चलते उन्हे झूठा फंसाया जा रहा है। मामले की पुलिस निष्पक्ष जांच करे और मृतक के भाई सीडीआर निकलवाएं। उनका कोई दोष है तो वह किसी भी कार्रवाई के लिए तैयार हैं और वह किसी भी जांच के लिए तैयार है।
अखिलेश राठौर, प्रधान गढिया जगन्नाथ राजा का रामपुर