बीमार स्वास्थ्य विभाग की दास्तान

वायरल फीवर से 15 दिन में 10 की मौत, सैकड़ों बीमार
एट । ब्लॉक सकीट क्षेत्र के गांव मानिकपुर में वायरल फीवर से 15 दिन में 10 बीमारों की मौत हो चुकी है। मौत होने के पीछे बीमारों को स्वास्थ्य केन्द्र, मेडिकल कालेज में उपचार कराने के बजाय झोलाछाप के यहां ले जाना बताया जा रहा है।
मानिकपुर ग्राम प्रधान प्रवीन गुप्ता ने बताया कि गांव में वायरल फीवर बीमारी फैली हुई है। बीमार लोग पीपल अड्डा पर अपंजीकृत क्लीनिक में पहुंचकर उपचार करा रहे हैं। वह मरीजों से फीस नहीं लेते हैं। इनके क्लीनिक में गांव में तीन से चार बीमारों की मौत हो चुकी है। इसके अलावा शहर के अन्य अपंजीकृत क्लीनिकों में उपचार के दौरान मरे हैं। उन्होंने बताया कि 15 दिन में करीब दस लोगों की वायरल फीवर से गांव में मौत हो चुकी है। उन्होंने बताया कि 28 वर्षीय गिरीश चंद्र पुत्र मुन्नालाल, 40 वर्षीय सुनीता देवी पत्नी ओमकार सिंह, 17 वर्षीय शिवम पुत्र छोटेलाल, 65 वर्षीय दयाराम पुत्र बद्री, 60 वर्षीय मुन्नी देवी पत्नी रघुवीर, 55 वर्षीय राज बहादुर पुत्र कुंदन सिंह, 28 वर्षीय अश्वनी पुत्र सूरजपाल, रामखिलाड़ी 70 वर्ष, भारत सिंह 70 वर्ष, रोशन लाल 80 वर्ष की वायरल फीवर से मौत हो चुकी है।