
इटावा, । सदर क्षेत्र में तांत्रिक ने भूत भगाने का ड्रामा कर महिला की पैर से गर्दन दबाकर जान ले ली। फिर 24 घन्टे तक तांत्रिक क्रियाएं करता रहा। शव में कोई हरकत न हुई तो सात दिन में जिंदा होने की बात कहकर फरार हो गया। पुलिस ने मामले की छानबीन शुरू कर दी है।
कोतवाली सदर क्षेत्र में मोहल्ला पथवरिया के सुरेश सक्सेना की बेटी प्रिया (38) मानसिक रोग से ग्रस्त थी। इलाज से फायदा न हुआ तो परिजनों ने तांत्रिक का सहारा लिया। भूत प्रेत के चक्कर का झांसा देकर तांत्रिक ने घर जाकर हवन पूजन किया। शारिरिक प्रताड़ना देते हुए पैर से गर्दन दबाई फिर पाइप से प्रहार कर दिया। इस दौरान प्रिया ने दम तोड़ दिया। लेकिन आरोपित झाड़फूंक करता रहा और प्रिया को जिंदा बताता रहा। 24 घन्टे बीतने पर भी कोई हरकत न हुई तो शव फ्रीजर में रखवाकर सात दिन में जिंदा होने की बात कह फरार हो गया। परिजनों ने तांत्रिक पर हत्या का आरोप लगाकर पुलिस से शिकायत की। नायब तहसीलदार की मौजूदगी में पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। पुलिस ने तांत्रिक की तलाश शुरू कर दी है। शहर कोतवाल विक्रम सिंह चौहान ने बताया कि मृतिका की फतेहपुर के सुनील कुमार सक्सेना से पांच साल पहले शादी हुई थी। मौत का सही कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने पर पता चलेगा।