
कासगंज ! जिलाधिकारी सुधा वर्मा ने पुलिस अधीक्षक सौरभ दीक्षित के साथ तहसील सदर कासगंज के सभागार में आयोजित सम्पूर्ण समाधान दिवस पर जनता की समस्याओं व शिकायतों को सुना। अधिकारियों को निर्देश दिये कि जनता की समस्याओं व शिकायतों का गंभीरता एवं संवेदनशीलता के साथ त्वरित निस्तारण करना सुनिश्चित करें। जनता द्वारा अधिकांश शिकायतें भूमि विवाद, राजस्व प्रकरणों तथा विद्युत समस्यों से सम्बंधित प्रस्तुत करने पर जिलाधिकारी ने कहा कि राजस्व एवं पुलिस विभाग की टीमें बनाकर तत्काल मौके पर भेजी जायें और समस्याओं व शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण सुनिश्चित कराया जाये।
कासगंज नगर की गंगेश्वर कालोनी की महिलाओं द्वारा गली में लटकते विद्युत तारों की समस्या से अवगत कराते हुये बताया कि जगह जगह एंगिल लगाकर विद्युत तारों को ठीक करा दिया जाये, पतली गली में पोल लगाने से निकलने का रास्ता भी बंद हो जायेगा। जिलाधिकारी ने अधिशाषी अभियंता विद्युत को निर्देश दिये कि मौके पर स्वयं जाकर समस्या का निस्तारण करायें।
इस अवसर पर विभिन्न समस्याओं, शिकायतों से सम्बंधित 36 प्रार्थना पत्र प्रस्तुत किये गये, जिनमें से 07 प्रार्थना पत्रों को मौके पर ही निस्तारित कर दिया गया। इन मंे अधिकांश निजी भूमि व सम्पत्ति पर अवैध कब्जा, आपसी बंटवारा, पैमायश, चकरोड एवं सरकारी भूमि पर अवैध कब्जा, उत्पीड़न, विधवा, वृद्वावस्था पेंशन, राशन कार्ड, विद्युत आदि से सम्बंधित प्रार्थना पत्र थे।
संपूर्ण समाधान दिवस पर जिले की तीनों तहसीलों में जनता की समस्याओं व शिकायतों को सुनकर उनके यथाशीघ्र निस्तारण के अधिकारियों को निर्देश दिये गये।
तहसील कासगंज में इस अवसर पर मुख्य चिकित्साधिकारी, जिला विकास अधिकारी, डीएफओ, बीएसए, डीआईओएस, डीपीआरओ, समाज कल्याण, विद्युत, लोकनिर्माण, कृषि, आपूर्ति सहित समस्त जिला स्तरीय अधिकारी, एसडीएम कासगंज, सीओ, तहसीलदार, क्षेत्रीय खण्ड विकास अधिकारी एवं थाना प्रभारी उपस्थित रहे।
डीएम व एसपी ने ग्राम पंचायत घिनौना में महिला सशक्तिकरण जागरूकता हेतु लगाई ग्राम चौपाल
( महिलायें अपने को कमजोर न समझें, जागरूक होकर समझदार बनें-जिलाधिकारी )
( पुलिस महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान और उनके सशक्तिकरण हेतु प्रतिबद्व-एसपी )
कासगंज! मिशन शक्ति फेज-04 अभियान के अंतर्गत ग्रामीण क्षेत्रों में महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान एवं स्वावम्बन तथा नारी सशक्तिकरण के प्रति जन जन को जागरूक करने के उद्देश्य से जिलाधिकारी सुधा वर्मा की अध्यक्षता एवं पुलिस अधीक्षक सौरभ दीक्षित की उपस्थिति में विकास खण्ड सोरों की ग्राम पंचायत घिनौना में ग्राम चौपाल का आयोजन किया गया। छात्राओं द्वारा गांव में महिला जनजागरूकता रैली निकाली गई, रैली का जिलाधिकारी द्वारा शुभारंभ किया गया।
जिलाधिकारी ने कहा कि महिला सशक्तिकरण का उद्देश्य है कि महिलायें जागरूक हों और अपने अधिकारों को पहचानें। शासन, प्रशासन महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान एवं स्वावम्बन के लिये प्रतिबद्व है। संचालित कल्याणकारी योजनाओं का लाभ उठायें। महिलाओं के साथ यदि कोई घटना हो या कोई परेशान करे अथवा प्रताड़ित करे तो डरें नहीं तुरंत हेल्प लाइन पर पुलिस को कॉल करें आपकी सुरक्षा और सम्मान की पूरी सुरक्षा की जायेगी। नारी सशक्तिकरण के लिये ही सरकार द्वारा अभियान चलाकर जन जन को जागरूक किया जा रहा है।
पुलिस अधीक्षक सौरभ दीक्षित ने कहा कि महिलाओं और बालिकाओं को अपनी समस्या व शिकायतें लेकर थाना, पुलिस चौकी के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे। महिला पुलिस द्वारा महिलाओं व बालिकाओं को जागरुक करने के साथ ही उनसे संवाद कर उनकी शिकायतों का निराकरण कराया जा रहा है। महिलायें व बालिकायें अपनी सुरक्षा और सम्मान के प्रति जागरूक हों।
ग्राम चौपाल मे महिलाओं व बालिकाओं को मिशन शक्ति के अंतर्गत हेल्प लाइन नम्बर 1090, 112, 1076, 1098 तथा108 के बारे में विस्तृत जानकारी देते हुए संकट के समय इनके उपयोग हेतु बताया गया। साथ ही साइबर अपराधों से बचने और सतर्क रहने हेतु 1930 हेल्प लाइन नंबर का उपयोग करने की जानकारी दी गई। सरकार द्वारा महिलाओं से संबंधित संचालित विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं- प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना, मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना, प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना, निराश्रित महिला पेंशन, मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना व सेल्फ हेल्प ग्रुप आदि के संबंध में जानकारी देकर व पम्पलेट वितरित कर उन्हें जागरूक किया गया। ग्रामीण महिलाओं के साथ बेहतर निरंतर संवाद हेतु महिला पुलिस सक्रिय है। ग्राम चौपाल में कुछ महिलाओं द्वारा अपनी समस्याओं व शिकायतों को प्रस्तुत किया गया। जिलाधिकारी ने इनके शीघ्र निस्तारण के अधिकारियों को निर्देश दिये।
इस अवसर पर जिला विकास अधिकारी संजय कुमार, सीओ, एसडीएम कासगंज, खण्ड विकास अधिकारी सोरों, खण्ड शिक्षा अधिकारी सोरों, ग्राम प्रधान तथा बड़ी संख्या में ग्रामीण महिलायें उपस्थित रहीं।
पात्र अपना आयुष्मान कार्ड अवश्य बनवा लें, प्रतिवर्ष 05 लाख रू0 तक का मिलेगा मुफ्त उपचार
कासगंज ! आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना के अन्तर्गत शासन से प्राप्त 46047 ऐसे पात्र ग्रहस्थी सफेद राशन कार्ड धारक परिवार जिनके राशन कार्ड में 06 या अधिक सदस्य हैं अथवा 60 वर्ष या उससे अधिक आयु के वृद्व सदस्य हैं उनके आयुष्मान कार्ड बनाये जा रहे हैं।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डा0 राजीव कुलश्रेष्ठ ने उक्त जानकारी देते हुये बताया कि वर्तमान में शासन द्वारा आयुष्मान कार्ड बनाने हेतु एक आयुष्मान मोबाईल ऐप जारी किया है। जिससे कोई भी पात्र लाभार्थी अपना आयुष्मान कार्ड स्वयं बना सकता है।
आयुष्मान कार्ड बनवाने के लिये जन सेवा केन्द्र, लोकवाणी केन्द्र या राशन डीलर से सम्पर्क कर अपना आयुष्मान कार्ड बनवा सकते हैं। गांव में कार्यरत आशा, पंचायत सहायक से सम्पर्क कर लाभार्थी अपना आयुष्मान कार्ड बनवाया जा सकता है। जिन व्यक्तियों के पास अन्त्योदय राशन कार्ड है उस परिवार के सभी सदस्यों का आयुष्मान कार्ड बनना है। आयुष्मान कार्ड से प्रतिवर्ष 05 लाख तक निःशुल्क उपचार किसी भी चिकित्साल में भर्ती होकर कराया जा सकता है।