मशरूम की खेती से आत्मनिर्भर बनेंगी महिलाएं: अदाणी फाउंडेशन की पहल

सिंगरौली, अक्टूबर 05, 2023: माडा तहसील अंतर्गत बंधौरा स्थित महान इनर्जेन लिमिटेड के पड़ोस के गांवों में महिलाओं की आय को बढ़ाने और आत्मनिर्भर बनाने के उद्देश्य से अदाणी फाउंडेशन उन्हें मशरूम की खेती के लिए प्रोत्साहित कर रहा है। इसके लिए न सिर्फ महिलाओं को तकनीकी प्रशिक्षण दिया जा रहा है, बल्कि उनके उत्पाद के लिए बाजार भी उपलब्ध कराया जाएगा। बुधवार को कर्सुआलाल गांव में पंद्रह से ज्यादा स्थानीय महिलाओं को प्रशिक्षण देकर इसकी शुरुआत की गयी। मशरूम के एक बैग को तैयार करने में लगभग 50 रुपए की लागत आती है जिसे बेचकर एक महिला प्रतिदिन 200 से 300 रुपए तक की मुनाफा कमा सकती हैं जिससे हर महीने औसतन 6000 रुपये की आमदनी होगी।

इस पहल के अंतर्गत तीन अलग-अलग प्रकार के मशरूमों के उत्‍पादन के बारे में महिलाओं को प्रशिक्षित किया गया है। जिसमें मिल्‍की, ऑयस्टर और बटन मशरूम शामिल है। इसमें सफेद बटन मशरूम की खेती अक्तूबर माह से फरवरी-मार्च तक और मिल्की मशरूम की खेती जून से सितंबर महीने तक होती है।अलग-अलग वातावरण के अनुकूल मशरूमों की खेती कर महिलाएं सालों भर कम लागत से अधिक मुनाफा कमा सकती हैं। इनके साथ ही इन महिलाओं को मशरूम की खेती की तकनीक, लगने वाली बीमारियों से लेकर उसकी बिक्री और उसमें वैल्यू एडिशन आदि की जानकारी भी दी जाती है। फिलहाल अदाणी फाउंडेशन के द्वारा आसपास के 50 ग्रामीणों को प्रशिक्षित करने का लक्ष्य रखा गया है।

इस परियोजना के तहत अदाणी फाउंडेशन की टीम ने स्वरोजगार और गरीबी उन्मूलन को प्रोत्साहित करने के लिये एक ही सामाजिक-आर्थिक पृष्ठभूमि से आने वाले लोगों के स्वयं सहायता समूहों का चयन किया। इस कार्यक्रम में कई स्वयं सहायता समूह जैसे माँ लक्ष्मी महिला समिति, शिवानी महिला समिति, शिवम महिला समिति, माँ शक्ति महिला समिति और माँ शारदा महिला समिति की महिलाओं ने हिस्सा लिया। जैसे-जैसे उत्पाद के लिए बाजार मिलता जायेगा, मशरुम उत्पादन कार्य में अधिक से अधिक स्थानीय महिलाओं को जोड़ा जायगा। इस कार्य को करने की जिम्मेदारी उषा किरण महिला समिति, करसुआलाल को दी गयी है और अदाणी फाउंडेशन के तकनीकी टीम की मदद एवं आर्थिक सहयोग देकर इसे आगे बढ़ाने का लक्ष्य रखा गया है।

उषा किरण महिला समिति की प्रशिक्षित सदस्यों के द्वारा ग्राम की अन्य इच्छुक महिलाओं को मशरूम की खेती के लिए प्रशिक्षण दिया जायेगा, जिसका लगातार मॉनिटरिंग अदाणी फाउंडेशन के सदस्यों के द्वारा किया जायेगा। इस प्रशिक्षण के दौरान आसपास के गांव की उर्मिला, तारावती, सोनभद्र, सत्यकुमारी, कमलेश, सविता, ज्ञानमती जैसी कई महिलाऐं उपस्थित हुईं जिन्होंने अदाणी फाउंडेशन के कोशिशों की सराहना की। गौरतबल है कि अदाणी फाउंडेशन की मदद से उषा किरण महिला समिति की करीब 200 सदस्य विभिन्न आजीविका कार्यक्रमों से जुड़कर अपने परिवार को आर्थिक मदद पहुंचा रही हैं। बंधौरा स्थित महान इनर्जेन लिमिटेड के आसपास के गांवों में अदाणी फाउंडेशन द्वारा कॉर्पोरेट सामाजिक उत्तरदायित्व के तहत स्वरोजगार, स्वास्थ्य और शिक्षण के लिए कई कार्यक्रम चलाए जा रहे हैं।

About The Author

निशाकांत शर्मा (सहसंपादक)

यह खबर /लेख मेरे ( निशाकांत शर्मा ) द्वारा प्रकाशित किया गया है इस खबर के सम्बंधित किसी भी वाद - विवाद के लिए में खुद जिम्मेदार होंगा

Learn More →

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

अपडेट खबर के लिए इनेबल करें OK No thanks