एटा ! विगत सात वर्षों की भांति इस वर्ष भी आगामी 7,8,9 एवं 10 दिसम्बर को राजकीय इंटर कालेज के प्रांगण में स्व० बृजपाल सिंह यादव,पी.ई.एस. की स्मृति में पुस्तक मेले का भव्य आयोजन किया जा रहा है। पुस्तक मेले में गत वर्षों की भांति ही इस वर्ष भी नेशनल बुक ट्रस्ट, राजकमल, वाणी, सम्यक, गार्गी, जनचेतना, गौतम, सस्ता साहित्य मंडल, ज्ञान संपदा, ज्ञानदीप, संभव, मानसी, सूर्य भारती, यूनीवर्सल, स्वराज, नवारुण आदि स्थानीय एवं प्रदेश तथा देश के ख्यातनामा प्रतिष्ठित प्रकाशक भाग ले रहे हैं। इसमें सामाजिक, आर्थिक, राजनीतिक, साहित्यिक, वैज्ञानिक, सामान्य ज्ञान सहित प्रतियोगी परीक्षाओं की पुस्तकों के अतिरिक्त विश्व की महान विभूतियों की जीवनियां आकर्षण का केन्द्र होंगी।
इस संबंध में विस्त्रत जानकारी देते हुए मेला संयोजक ए.आर. एम. मैनपुरी संजीव कुमार यादव ने बताया कि पुस्तक मेले में मैग्सैसे पुरस्कार से सम्मानित प्रख्यात सामाजिक कार्यकर्ता डा० संदीप पाण्डेय, पद्मश्री से सम्मानित पर्यावरणविद राजा लक्ष्मण सिंह व उमाशंकर पाण्डेय, नदी विषयक मामलों के विशेषज्ञ एवं पर्यावरण विभूषण सम्मान से सम्मानित पंकज चतुर्वेदी, पर्यावरणविद राष्ट्र रत्न ज्ञानेन्द्र रावत, अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक आई.पी.एस. अजय चौधरी, आई जी सी.आर.पी.एफ. आई पी एस अंशुमान यादव, प्रख्यात कर्मवीर, बाबा आमटे स्मृति भूषण एवं अनुपम मिश्र स्मृति सम्मान से सम्मानित पर्यावरण के क्षेत्र में अमरोहा माडल के प्रणेता उप जिलाधिकारी शामली मांगेराम चौहान, पूर्व सदस्य लोक सेवा आयोग मेजर संजय यादव, विश्व जल परिषद फ्रांस के सदस्य पर्यावरणविद डा० जगदीश चौधरी एवं उत्तराखंड में प्लास्टिक विरोधी अभियान की प्रमुख, ग्राफिक इरा यूनीवर्सिटी की प्रोफेसर,जानी मानी नृत्यांगना एवं थैले वाली महिला के नाम से विख्यात डा० अनुभा पुंढीर सहित ख्यात प्रमुख शिक्षाविद, समाजसेवी, समीपस्थ जनपदों के प्रबुद्ध बुद्धिजीवी, स्कूल-कालेजों के छात्र-छात्राएं सहभागिता करने आ रहे है !