एटा,कलक्ट्रेट सभागार में जिला स्वास्थ्य समिति, संचारी रोग नियंत्रण अभियान की समीक्षा बैठक हुई। स्वास्थ्य उप केन्द्रों, पीएचसी, सीएचसी पर समुचित साफ सफाई कराई जाए।

अण्टाइड फण्ड की धनराशि का सभी ग्रामों में सदुपयोग करें। जन्म मृत्यु प्रमाण पत्र सभी नगर पालिकाओं, अस्पताल एवं ग्राम पंचायत में समय से जारी किए जाएं। सेम बच्चों का चिन्हांकन करने के उपरांत उनके स्वास्थ्य में सुधार के लिए विभाग की ओर से नियमित रूप से फॉलोअप किया जाए।
डीएम प्रेम रंजन सिंह ने कहा कि पीएचसी, सीएचसी, स्वास्थ्य उपकेन्द्रों पर संस्थागत प्रसव की सुविधा उपलब्ध कराई जाए। बुधवार एवं शनिवार को आयोजित होने वाले टीकाकरण सत्र पर स्वास्थ्य विभाग एवं आईसीडीएस विभाग द्वारा विशेष रूप से फोकस किया जाए। डीएम ने कहा कि जनपद में एक अक्टूबर से 31 अक्टूबर तक विशेष संचारी रोग नियंत्रण, दस्तक अभियान चलाया जाएगा। इसमें स्वास्थ्य विभाग सहित अन्य सम्बंधित विभागों की समन्वयता के साथ संचारी रोग नियंत्रण कार्यक्रम, दस्तक अभियान व जन जागरूकता कार्यक्रम के बारे में आम जनमानस को जागरूक करने के साथ-साथ वेक्टर वार्न डिजीज सहित अन्य संचारी रोगों की स्थिति, बचाव, उपचार के बारे में जागरूक किया जाएगा।
बैठक में सीडीओ डॉ. एके बाजपेयी, एडीएम प्रशासन आलोक कुमार, डीडीओ प्रवीन कुमार राय, सीएमओ डा. यूके त्रिपाठी, एसीएमओ डा. राम सिंह, बीएसए दिनेश कुमार सहित अन्य संबंधित विभागीय अधिकारी, एमओआईसी, बीपीएम, बीसीपीएम आदि मौजूद रहे।