थाना गागलहेडी पुलिस ने किया साजिद हत्याकांड का खुलासा, आरोपी को भेजा जेल

सहारनपुर। थाना गागलहेड़ी पुलिस ने फैक्ट्री में हुई आपरेटर की हत्या के मामले का मात्र 24 घंटे में खुलासा करने में सफलता हासिल कर ली। पुलिस ने हत्यारोपी को गिरफ्तारकर उसके कबजे से हत्या में प्रयुक्त लोहे की रॉड बरामद कर ली। एसपी देहात सागर जैन ने पुलिस लाईन सभागार में जानकारी देते हुए बताया कि 15 सितम्बर को वादिया श्रीमती वरीसा पत्नी अब्दुल निवासी ग्राम पटनी थाना चिलकाना ने थाना गागलहेड़ी में तहरीर देकर सूचना दी थी कि मेरे भाई साजिद पुत्र शौकत निवासी ग्राम पिलखनी थाना सरसावा की अज्ञात व्यक्ति द्वारा हत्या कर दी गई। उन्होंने बताया कि थाना गागलहेड़ी पुलिस ने तहरीर के आधार पर धारा-302 भादवि के तहत मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी थी। उन्होंने बताया कि आज थाना गागलहेड़ी पुलिस ने सीओ अभितेष सिंह के निर्देशन में थाना प्रभारी सुनील नागर, उपनिरीक्षक अनिल तेवतिया व कृष्णवीर के नेतृत्व में आज मुखबिर की सूचना पर हत्यारोपी विक्रांत उर्फ लक्की वालिया पुत्र प्रमोद वालिया निवासी ग्राम कोलकी कला थाना गागलहेड़ी को घटना में प्रयुक्त एक लोहे की रॉड सहित कोलकी फ्लाईओवर के नीचे से गिरफ्तार कर लिया। श्री जैन ने बताया कि पूछताछ के दौरान दबोचे गए आरोपी विक्रांत उर्फ लक्की ने बताया कि मृतक साजिद लगभग तीन साल से मेरे भाई विक्की की फैक्ट्री में आपरेटर का काम करता था जो मेरे भाई विक्की को जान से मारकर फैक्ट्री का मालिक बनना चाहता था। यह बात मुझे गांव में कई लोगों ने बताई थी। इसी बात को लेकर मेरा उससे 4 दिन पूर्व फैक्ट्री में झगड़ा हो गया था। झगड़े के दौरान मृतक साजिद ने मुझे गालीगलौच भी की थी तभी से मैं साजिद को जान से मारने की फिराक में थे। श्री जैन ने बताया कि आरोपी विक्रांत ने बताया कि 14/15 सितम्बर की रात्रि हम दोनों फैक्ट्री में रूके हुए थे तथा मृतक साजिद ने शराब पी रखी थी जो मेरे पास पड़ी चारपाई पर सोया हुआ था। मैंने मौका पाकर फैक्ट्री में पड़ी नुकीली लोहे की रॉड से सोते हुए साजिद पर तीन वार किए जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई थी तथा मैं मौके से फरार हो गया था। पुलिस ने आरोपी का चालान काटकर जेल भेज दिया।