
एटा,सकीट, । जैथरा के बाद अब सकीट में विद्युत टीम पर हमला कर दिया। चेकिंग को गई विद्युत टीम पर आरोपियों ने हमला कर घायल कर दिया। हमले में दो लाइनमैन के चोट आई है। जेई ने एक दर्जन से अधिक आरोपियों के विरूद्ध रिपोर्ट दर्ज कराई है।
विद्युत उपकेंद्र सकीट पर तैनात जेई विवेक कुमार ने थाना सकीट मे रिपोर्ट दर्ज कराते हुए बताया कि विद्युत चेकिंग अभियान चल रहा है। अभियान के तहत टीम मोहल्ला काजी में पहुंची। वहां पर कटिया डालकर विद्युत चोरी की जा रही थी। इसी दौरान आरोप है कि मोहल्ला काजी निवासी मोहम्मद सईद के साथ दर्जन भर से ज्यादा लोग आ धमके और टीम पर हमला कर दिया। हमले में दो लाइनमैन घायल हो गए। मामले की जानकारी पुलिस को दी गई। जेई ने थाना सकीट में जाकर आरोपियों के खिलाफ तहरीर दी है। थानाध्यक्ष केके लोधी ने बताया कि विद्युत विभाग की टीम पर हमला करने के मामले में नामदज के साथ कई लोगों पर आरोप है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी मोहम्मद सईद मोहल्ला काजी को पकड़ा है। मामले में कानूनी कार्रवाई की जा रही है। अन्य की तलाश में दबिश दी जा रही है। बता दें कि एक दिन पहले जैथरा के गांव नगला डांडी में विद्युत टीम को बंधक बनाकर अभ्रदता की गई थी। जैथरा पुलिस अभी तक किसी भी आरोपी को नहीं पकड़ सकी है।