*पुलिस लाइन से सिपाही चुरा ले गया टाटा सूमो, गिरफ्तार, रिपोर्ट योगेश मुदगल

एटा। थाना सहावर में तैनात सिपाही पुलिस लाइन से टाटा सूमो चुरा ले गया। सरकारी वाहन की चोरी से विभाग में हड़कंप मच गया। आरोपी सिपाही पर मुकदमा दर्ज कर देर शाम उसे गिरफ्तार कर लिया गया।
शुक्रवार रात को पुलिस लाइन एचसीएमटी विभाग से सरकारी वाहन टाटा सूमो को चोरी हो गई। शनिवार सुबह चोरी की जानकारी एचसीएमटी विभाग के कार्यवाहक प्रभारी कल्याण सिंह ने पुलिस अधिकारियों, कोतवाली नगर पुलिस को सूचना दी। कल्याण सिंह ने कोतवाली नगर में रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच शुरू की। जांच के बाद पुलिस ने सरकारी वाहन सहित आकाश पुत्र महेश बाबू निवासी नगला मांधाती थाना एका फिरोजाबाद हाल पता श्याम बिहार कालोनी कोतवाली नगर को शनिवार दोपहर को खुदातपुर थाना जसराना फिरोजाबाद से गाड़ी समेत पकड़ लिया। बताया गया कि आरोपी सिपाही आकाश थाना सहावर में तैनात है। करीब 15 दिन से गैरहाजिर चल रहा था। एएसपी क्राइम वीके पांडेय ने बताया, सुबह गाड़ी चोरी की सूचना पर कोतवाली नगर में रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी। सिपाही को पकड़ लिया गया है।