UP में भाजपा नेता की गोली मारकर हत्या, ब्लॉक प्रमुख चुनाव को लेकर चल रही थी रंजिश

उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद में आज करीब 6 बजे एक भाजपा नेता की गोली मारकर हत्या कर दी गई। घटना दिल्ली रोड पर मझोला थाना क्षेत्र में स्थित पार्श्वनाथ प्रतिभा अपार्टमेंट की है। घटना के समय भाजपा नेता अनुज चौधरी हाउसिंग सोसाइटी के अंदर ही टहल रहे थे। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि तभी काले रंग की बाइक से आए तीन हमलावरों ने ताबड़तोड़ गोलियां बरसाईं और फरार हो गए।
अनुज चौधरी संभल के एंचौड़ा कम्बोह थाना क्षेत्र में अलिया नेकपुर गांव के रहने वाले थे। पिछले कई साल से वह पार्श्वनाथ प्रतिभा अपार्टमेंट के टावर-7 में फ्लैट नंबर 402 में रहते थे। 2021 में अनुज ने संभल के असमोली ब्लॉक से प्रमुख का चुनाव लड़ा था। इसी को लेकर अनुज की कुछ लोगों से रंजिश चल रही थी।
सूचना मिलते ही एसएसपी हेमराज मीणा समेत कई पुलिस अधिकारी पहुंच गए। परिजनों ने 2 लोगों को नामजद किया है। नामजद आरोपियों में से एक अनिकेत चौधरी भी भाजपा नेता है। उसकी मां असमोली ब्लॉक प्रमुख हैं। हत्यारों की अरेस्टिंग के लिए 5 टीमों का गठन किया है। वारदात के बाद बड़ी तादाद में लोग जमा हो गए। मृतक किसान मोर्चा से भी जुड़ा था। इसलिए मौके पर भाकियू से जुड़े लोग भी पहुंचे हैं।