*थाना प्रभारी पर महिला दरोगा के उत्पीड़न का लगा आरोप, रिपोर्ट योगेश मुदगल

आगरा। लोहामंडी सर्किल के एक थाने के थाना प्रभारी एक बार फिर कठघरे में है। पिछली बार अधिकारियों ने महिला दरोगा की शिकायत पर लीपापोती कर दी थी। उसी समय मामले को गंभीरता से लिया गया होता तो मंगलवार को महिला दरोगा दोबारा फूट-फूटकर नहीं रोती। इस बार वह डीसीपी सिटी के समक्ष पेश हुई। अपनी पीड़ा बताई। आरोप लगाया कि थाना प्रभारी उसका मानसिक उत्पीड़न कर रहे हैं। उससे अभद्र भाषा में बात करते हैं। वह इस थाने में नौकरी नहीं कर पा रही है।
कठघरे में आए थाना प्रभारी को अभी हाल ही में थाने की जिम्मेदारी मिली है। पहले से तैनात एक महिला दरोगा उनके व्यवहार से क्षुब्ध है। महिला दरोगा का आरोप है कि अपनी पूरी नौकरी में उसने ऐसा व्यवहार किसी दूसरे थाना प्रभारी का नहीं देखा है। मानसिक उत्पीड़न से परेशान महिला दरोगा नौ जुलाई को एसीपी के समक्ष पेश हुई थी। थाना प्रभारी पर अभद्र भाषा में बातचीत करने के आरोप लगाए थे। यह मामला लखनऊ तक पहुंचा था। कार्रवाई के बजाए लीपापोती कर दी गई। आरोप है कि शिकायत पर सुनवाई न होने से थाना प्रभारी ने और खुन्नस निकालना शुरू कर दिया। सोमवार दोपहर तीन बजे से मंगलवार की सुबह तीन बजे तक महिला दरोगा की एक धार्मिक आयोजन में ड्यूटी थी। वह ड्यूटी करने गई। मंगलवार की सुबह चार बजे उसकी वापसी हुई। मंगलवार की सुबह आठ बजे एक दूसरे थाना क्षेत्र में कलश यात्रा निकलनी थी। एसीपी ऑफिस से ड्यूटी के लिए लिखित आदेश आया था।