अवधपाल सिंह यादव के वायरल हुए एक लेटर से जिले की राजनीति में मची हलचल

पूर्व कैबिनेट मंत्री एवं भाजपा के वरिष्ठ नेता चौधरी अवधपाल सिंह यादव ने अलीगंज विधायक सत्यपाल सिंह राठौर पर लगाए गंभीर आरोप

अवधपाल सिंह यादव के वायरल हुए एक लेटर से जिले की राजनीति में मची हलचल

एटा। भाजपा में सब ठीक ठाक नहीं चल रहा है,सियासत के अंदर खाने एक दूसरे को राजनीतिक पटखनी देने का षड्यंत्रकारी विरोध ज्वालामुखी के रूप में धधकना शुरू हो चुका है, जो निकट भविष्य में कभी भी लावा बनकर भाजपा के स्थानीय अस्तित्व के लिए भारी खतरा बन सकता है? वैसे भी राजनीतिक अस्तित्व एवं वर्चस्व की लड़ाई अब सार्वजनिक रूप से चौराहों पर सामने आने लगी है।

लोकसभा चुनाव से पहले ही जनपद की राजनीति में कुछ स्थानीय नेताओं द्वारा विपक्षी नेताओं के मददगारों से षड्यंत्र रच कर इलाके भर में अपनी राजनीतिक दबंगई का झंडा बुलंद करने के इरादे से भाजपा के ही कुछ दिग्गज नेताओं को नीचा दिखाने का जाल बिछाना शुरू कर दिया गया है। हालांकि षड्यंत्रकारी चालबाजों की चालाकी के चक्रव्यूह की चकाचौंध आम जनमानस में बेपर्दा हो चुकी है और आगामी समय में दगाबाजों का राजनीत के सिंहासन पर सवार होने का सपना साकार होता हुआ नजर नहीं आ रहा है।

पता चला है कि भाजपा के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री चौ0 अवधपाल सिंह यादव के एक वायरल शिकायती पत्र के आने के बाद जिले की राजनीति में हलचल पैदा हो चुकी है। फेसबुक पर इस लेटर के वायरल होने के बाद भाजपा नेता व कार्यकर्ता दो फाड़ होते हुए नजर आ रहे हैं।

उल्लेखनीय है कि भाजपा के वरिष्ठ नेता चौधरी अवधपाल सिंह यादव ने अलीगंज विधानसभा क्षेत्र से भाजपा विधायक सत्यपाल सिंह राठौर पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहां है कि स्थानीय विधायक विरोधी खेमा की पालतू महिला से मिलकर मुझे फसाने का षड्यंत्र रच रहे हैं तथा मेरे खिलाफ न्यायालय में चल रहे अपराधिक मुकदमे में गवाही दिलवाना चाहते हैं जिससे मेरी पाक साफ राजनीति पर धब्बा लग सके,और अलीगंज विधानसभा क्षेत्र पर विधायक का एकछत्र राज्य काम रह सके। इसी क्रम में भाजपा के वरिष्ठ नेता चौधरी अवधपाल सिंह यादव पूर्व कैबिनेट मंत्री उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा लगाए गए आरोपों की वजह से विधायक सत्यपाल सिंह राठौर के समर्थक नाराजगी जताने लगे हैं। यही कारण है कि भाजपा के दो नेताओं में वर्चस्व की लड़ाई को लेकर छिड़ी जंग मे अब कुछ नेता एवं कार्यकर्ता दो फाड़ नजर आने लगे हैं, जो आगामी लोकसभा चुनाव के स्वास्थ्य के लिए शुभ संकेत नहीं हैं।

कभी उत्तर प्रदेश की राजनीति में कद्दावर नेता हुआ करते थे पूर्व कैबिनेट मंत्री चौधरी अवधपाल सिंह यादव

पूर्व कैबिनेट मंत्री रहे चौ0 अवधपाल सिंह यादव आज भी जनपद की राजनीति के जन हितेषी एवं बेदाग चेहरा के नाम से जाने जाते हैं वे कभी बहुजन समाज वादी पार्टी के कद्दावर नेता हुआ करते थे, लेकिन पिछले लोकसभा चुनाव में बसपा और सपा गठबंधन होने के बाद से वे बसपा से किनारा करने लगे थे दरअसल जिले के सपा नेता जुगेंद्र सिंह यादव से उनका छत्तीस का आंकड़ा चल रहा था, जिसके चलते लोकसभा चुनाव होने के कुछ समय बाद उन्होंने भाजपा का दामन थाम लिया।

उस समय उनकी राजनीतिक हैसियत को देखते हुए जिलेभर में ऐसी जनचर्चा आम हो चुकी थी कि भाजपा की ओर से उन्हे एमएलसी बनाने या कुछ बड़ी जिम्मेदारी दी जासकती है। लेकिन अबतक ऐसा होता हुआ कुछ भी नहीं दिख रहा है।

अवधपाल सिंह यादव ने विधायक सत्यपाल सिंह राठौर विधायक पर लगाये कई गंभीर आरोप

चौधरी अवधपाल सिंह यादव ने अलीगंज विधानसभा क्षेत्र से विधायक सत्यपाल सिंह राठौर पर कई गंभीर आरोप लगाए हैं जिसमें कहा गया है कि सपा से पूर्व विधायक रहे रामेश्वर सिंह यादव ने जिस महिला से उनपर बलात्कार का झूठा मामला दर्ज कराया था।उसी महिला को मौजूदा भाजपा विधायक संरक्षण दे रहे हैं, और उनके खिलाफ गवाही देने का दबाव बना रहे हैं, इसके साथ ही आरोप में कहा गया है कि निकाय चुनाव में भाजपा प्रत्याशियों का विधायक ने विरोध भी किया था। साथ ही पार्टी कार्यकर्ताओं पर फर्जी मुकदमे दर्ज कराने और डीएवी इंटर कॉलेज अलीगंज के क्रीड़ा स्थल पर विधायक समर्थित लोगों द्वारा कब्जा करने का आरोप भी लगाया है, हालांकि इन आरोपों में कितनी सत्यता है यह भाजपा हाईकमान द्वारा जांच किए जाने के बाद ही पता चल सकेगा।

About The Author

निशाकांत शर्मा (सहसंपादक)

Learn More →

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

× अब ई पेपर यहाँ भी उपलब्ध है
अपडेट खबर के लिए इनेबल करें OK No thanks