थाना क्षेत्र के ग्राम चक बेगमपुर के पास ट्रैक्टर ट्राली ने बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में बाइक चला रहे किसान की मौत हो गई। जबकि उसका एक साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने मृतक के बेटे की तहरीर पर मुकदमा दर्ज करके मामले की जांच शुरू कर दी है।
थाना क्षेत्र के ग्राम खानपुर निवासी 42 वर्षीय चेतराम पुत्र मुखराम अपने साथी प्रीतपाल पुत्र जगत सिंह निवासी मिलक बिजना के साथ गांव जैतपुर गया था। गुरुवार देर रात करीब 12 बजे के बाद वह जैतपुर से बीजना लौट रहा था। इसी दौरान चक बेगमपुर स्थित जुबली ढाबे पर सामने से ट्रैक्टर ट्राली ने उसे टक्कर मार दी। जिसमें चेतराम की मौत हो गई। जबकि उसका साथी प्रीतपाल गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल को मुरादाबाद के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर जिला मुख्यालय भेज दिया। साथ ही मृतक के बेटे अरविंद कुमार की तहरीर पर अज्ञात ट्रैक्टर ट्राली चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज करके मामले की जांच शुरू कर दी है। शुक्रवार देर शाम गांव के श्मशान घाट पर मृतक का अंतिम संस्कार किया गया। वहीं मृतक के परिजन गहरे सदमे में हैं।