रामेश्वर सिंह पर आय से अधिक संपत्ति का केस, रिपोर्ट योगेश मुदगल

एटा। सतर्कता अधिष्ठान ने शनिवार को सपा के पूर्व विधायक रामेश्वर सिंह यादव के खिलाफ आय से ज्यादा संपत्ति का मुकदमा दर्ज किया है। कुछ दिनों पूर्व शासन ने उनके खिलाफ आय से ज्यादा संपत्ति अर्जित करने की खुली जांच के आदेश दिए थे। जांच में पाया गया है कि बतौर विधायक वह लोकसेवक थे, लेकिन इस दौरान उन्होंने अपनी सभी स्रोतों से अर्जित आय से करीब 3.13 करोड़ रुपये ज्यादा खर्च किए।
रामेश्वर सिंह यादव एटा के अलीगंज से सपा के तीन बार विधायक रहे हैं। वह 2014 में फर्रुखाबाद से लोकसभा का चुनाव भी लड़ चुके हैं। उन्हें सपा के वरिष्ठ नेता राम गोपाल यादव का करीबी माना जाता है। राम गोपाल ने उनके खिलाफ पुलिस द्वारा दर्ज किए गए मामलों को लेकर राज्यपाल को पत्र भी लिखा था। विजिलेंस ने खुली जांच में पाया कि उन्होंने बतौर लोकसेवक कुल 95 लाख 82 हजार रुपये की कमाई की। यह कमाई सभी वैध स्रोतों से की गई थी। इसके अलावा उन्होंने 4 करोड़ 9 लाख 51 हजार खर्च किए, जो वैध आय से कुल 3.13 करोड़ ज्यादा हैं।