घर में घुसकर किशोरी को जिंदा जलाकर मार डाला
मैनपुरी में शर्मनाक घटना, निरीक्षण करने पहुंचे एसपी

मैनपुरी। एक सिरफिरे ने मंगलवार को हौलनाक वारदात अंजाम दी। एकतरफा प्रेम में घर में घुसकर किशोरी को जिंदा जला दिया। इसके बाद भाग निकला। किशोरी ने सैफई मेडिकल कॉलेज में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।
कोतवाली क्षेत्र के एक मोहल्ला निवासी किशोरी दोपहर को अपने घर में थी। उसका छोटा भाई भी साथ था। तभी पड़ोस में रहने वाला अंकित पुत्र राजवीर घर में पहुंच गया। किसी बात पर दोनों में कहासुनी हुई। इसके बाद अंकित ने किशोरी के ऊपर घर में रखे डीजल को उड़ेल दिया और आग लगा दी। इसके बाद वह फरार हो गया। गंभीर झुलसी किशोरी को परिजन सैफई मेडिकल कॉलेज ले गए। जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया। सूचना पाकर सीओ सिटी संतोष कुमार सिंह कोतवाली पुलिस के साथ मौके पर पहुंच गए। सीओ सिटी ने बताया कि किशोरी के शव का सैफई में पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। प्रेम संबंधों को लेकर युवक द्वारा आग लगाने की बात सामने आई है। घटना के बाद आरोपी फरार है। मुकदमा दर्ज कर आरोपी को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा। पुलिस ने बताया कि किशोरी 11वीं कक्षा की छात्रा थी। जबकि आरोपी फोटोग्राफर की दुकान पर काम करता है।