शराब पीने से रोकने पर पत्नी की गोली मारकर हत्या की, रिपोर्ट योगेश मुदगल

एटा, । शराब पीने से रोकने पर पति ने पत्नी की गोली मारकर हत्या कर दी। वारदात के बाद वो भाग निकला। पुलिस ने पहुंचकर घटना की जानकारी ली। मौके से तमंचा बरामद किया है। मृतका के भाई ने जीजा के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज कराई है।
थाना मलावन के गांव लाखापुर निवासी संतोष कुमार शराब पीने का आदी था। मैक्स पिकअप चलाता था। शराब पीने को लेकर पत्नी नीतू (34) से आए दिन झगड़ा होता था। कई बार समझाने के बाद भी आरोपी संतोष ने शराब पीना नहीं छोड़ा। सोमवार सुबह संतोष घर पर ही था और इसी दौरान वह शराब पीने लगा। पत्नी ने विरोध जताया। इसी बात पर तकरार इतनी बढ़ गई कि संतोष कमरे से तमंचा निकाल लाया और पत्नी नीतू के सीने में गोली मार दी। इससे उसकी वहीं मौत हो गई। घटना के बाद आरोपी भाग निकला।
गोली की आवाज सुनकर मौके पर पहुंचे आसपास के लोगों ने वारदात की जानकारी पुलिस को दी। कुछ ही देर में सीओ सकीट संगल लाल मिश्र, एसएचओ मलावन देवेन्द्र नाथ मिश्र फोर्स के साथ गांव पहुंचे और घटना की जानकारी ली। गांव नगला चंदन थाना नवाबगंज फर्रुखाबाद से मायकेवाले भी पहुंच गए। मृतका के भाई रोहिताश ने आरोपी जीजा के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज कराई है।