राशन की कालाबाजरी का वीडियो वायरल, विभाग मौन, रिपोर्ट योगेश मुदगल

एटा/जलेसर। सरकारी राशन की चोरी तथा कालाबाजारी का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। हालांकि विभाग इस मामले पर चुप्पी साधे हुए है और नकारने की कोशिश कर रहा है।
सोमवार को सोशल मीडिया पर राशन से भरे ट्रक से राशन की कालाबाजारी का वीडियो वायरल हुआ। जिसमें ट्रक को बीच रास्ते में रोककर ट्रैक्टर-ट्रॉली लगाकर राशन की बोरियां उतारकर लादी जा रही हैं। नगर के निधौली चौराहा पर इनको बचा जा रहा है। सोशल मीडिया पर लोग कमेंट कर रहे हैं कि विभाग व राशन माफियाओं की मिलीभगत से बड़े पैमाने पर यह खेल खुलेआम चल रहा है।
वर्तमान में गेहूं 2125 रुपये प्रति क्विंटल की दर से बाजार में बिक रहा है। सरकारी राशन को आधे मूल्य में खरीदकर राशन माफिया मोटा लाभ कमा रहे हैं। वहीं दूसरी ओर निधौली रोड स्थित गांव हसनगढ़ गोदाम पर ट्रकों में लदी राशन की बोरियों में से दो-दो किलो राशन कम करने का वीडियो भी वायरल हुआ है। पूर्ति निरीक्षक दिग्विजय सिंह का कहना है कि वायरल वीडियो संज्ञान में है। लेकिन यह पता नहीं लगा है कि ये किस जगह के हैं और वाहन संख्या क्या है। जानकारी की जा रही है।