पूर्व विधायक व दो पुत्रों पर एससी-एसटी एक्ट का मुकदमा, रिपोर्ट योगेश मुदगल

एटा। निकाय चुनाव में नगर पंचायत सकीट की चुनी गई अध्यक्ष मानवी यादव के पिता और पूर्व विधायक अजय यादव सहित चार के खिलाफ एससी-एसटी एक्ट का मुकदमा दर्ज कराया गया है। मुकदमे में नवनिर्वाचित नगर पंचायत अध्यक्ष के दो भाई भी नामजद किए गए हैं।
थाना सकीट में संदीप कुमार दिवाकर निवासी गांव लोथरा ने रिपोर्ट दर्ज कराई है। कहा कि पूर्व विधायक अजय यादव के कहने पर नवनिर्वाचित मानवी यादव के कार चालक पुष्पेंद्र यादव के फोन से प्रशांत यादव ने जातिसूचक गालियां दीं। जबकि अभिक्रांत यादव और इनके भाई प्रशांत यादव ने धमकी दी है कि नगर क्षेत्र सकीट में नहीं रहने दिया जाएगा। ये दोनों अजय यादव के पुत्र हैं।
कहा कि मतगणना के दिन 13 मई को मंडी समिति में भाजपा प्रत्याशी शकुंतला देवी का पोलिंग एजेंट था। शाम को 4.31 बजे जातिसूचक गालियां दीं, जबकि इससे पहले 11 मई को रात 10.03 पर व्हाइट्सएप कॉल करके मुझे और मेरे बच्चों को चुनाव बाद क्षेत्र में न दिखने और हत्या करने की धमकी दी गई थी। आरोप है कि पूर्व विधायक के खिलाफ दुष्कर्म, हत्या आदि कई मुकदमे दर्ज हैं। इसकी वजह से हत्या होने की आशंकाओं के चलते वह दहशत में है।
सीओ सकीट संगम मिश्रा ने बताया कि फोन पर जातिसूचक गालियां देने का आरोप लगाया गया है। तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया है। मेरी ओर से ही जांच की जा रही है। जांच में जो कुछ सामने आएगा उसके आधार पर कार्रवाई की जाएगी।
पूर्व विधायक पर एक सप्ताह पहले लिखी गई थी हत्या की रिपोर्ट
थाना सकीट में एक सप्ताह पहले 9 मई को अजय यादव पर हत्या की रिपोर्ट भी लिखी गई थी। क्षेत्र के गांव रेवाड़ी निवासी रामपाल शाक्य की हत्या के मामले में उनके पुत्रों सहित 8 को नामजद किया गया था। रेवाड़ी निवासी प्रदीप कुमार ने यह रिपोर्ट दर्ज अदालत के आदेश पर दर्ज कराई थी।