नगरीय निकायों के दो चरणों में हुए चुनाव के बाद,आज नतीजों की बारी, रिपोर्ट योगेश मुदगल

प्रदेश के नगरीय निकायों के दो चरणों में हुए चुनाव के बाद अब शनिवार को नतीजों की बारी है। प्रदेश के सभी 75 जिलों में नगर निगमों, नगर पालिका व नगर पंचायतों के प्रतिनिधियों के चुनाव की मतगणना शनिवार की सुबह शुरू होगी।
ब्रज में तीन नगर निगमों (आगरा, मथुरा और फिरोजाबाद) समेत 65 नगर निकायों के चुनाव परिणाम भी शनिवार शाम सात बजे तक आने की उम्मीद है। 65 नगर निकायों में तीन निगमों के अलावा 17 नगर पालिकाएं और 45 नगर पंचायतें हैं। वहीं आगरा की एक नगर पंचायत दयालबाग में अध्यक्ष निर्विरोध निर्वाचित घोषित हो चुका है। एटा, कासगंज और मैनपुरी जैसे जिलों में बैलेट पेपर से चुनाव हुआ है। इसलिए परिणाम देर शाम तक आने की संभावना है। मतगणना की सारी तैयारियां कर ली गई हैं। पर्याप्त पुलिसबल तैनात कर दिया गया है।
राज्य निर्वाचन आयुक्त मनोज कुमार ने मतगणना को पारदर्शिता साथ कराने के लिए कड़े निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि मतगणना सीसीटीवी की निगरानी में कराएं। वीडियोग्राफी भी कराई जाए। उन्होंने यह भी निर्देश दिए हैं कि प्रत्येक राउंड का परिणाम लाउडस्पीकर से बताया जाए। स्ट्रांग रूम में रिकार्डिंग सहित सीसीटीवी कैमरे लगे होने चाहिए। उन्होंने कहा, किसी विशिष्ट महानुभाव, सुरक्षा प्राप्त व्यक्ति और आपराधिक व्यक्ति को एजेंट न बनाया जाए।