अचानक हुई तेज बारिश से शहर के अधिकांश गली-मोहल्लों में जलभराव, रिपोर्ट योगेश मुदगल

एटा, । बुधवार को सुबह से ही आसामान में काले बादल छाए रहे। दिन में कई बार रुक-रुक बूंदाबांदी होती रही तो शाम को पांच बजे अचानक तेज बारिश होना शुरू हो गई, जिससे शहर का अधिकतम तापमान सामान्य से 11 डिग्री तक कम होकर 24 डिग्री रिकार्ड किया गया। तापमान में कमी आने से लोगों को गर्मी के दिनों में अक्तूबर-नवंबर जैसे मौसम का अहसास हुआ।
हालांकि अचानक हुई तेज बारिश से शहर के अधिकांश गली-मोहल्लों में जलभराव की समस्या पैदा हो गई। वहीं सीवरेज कार्य के बाद से अब तक खुदी पड़ी गलियां दलदल में तब्दील हो गई, जिनसे गुजरने वाले दोपहिया वाहन चालकों और पैदल राहगीरों के अलावा स्थानीय लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा।
जैथरा में हुई बारिश से सड़कों पर भरा पानी
जैथरा। बुधवार को रुक-रुक कर बूंदाबांदी होती रही। शाम को अचानक तेज हवाओं संग झमाझम बारिश शुरू हो गई। आधा घंटे की तेज बारिश से कस्बे में जलभराव हो गया। लोगों को रास्ता बदलना पड़ा। कस्बा के मोहल्ला बड़ेयान, अस्पताल रोड सहित कई मोहल्लों में सड़के जलमग्न हो गई, जिससेे लोगो को काफी परेशानी हुई। वहीं सकीट में दोपहर बाद तेज हवाओ के साथ वारिश होने से बाजार एवं गली मोहल्लों में सन्नाटा पसर गया। जरूरी काम के लिए लोग छतरी लेकर घरों से बाहर निकलते देखे गए। ठंडी हवाओं ने कमजोर बुजुर्गो को गर्म कपड़े पहनने और कम्बल आदि ओढ़ने
पर मजबूर कर दिया है। लोगों का मानना है कि मई के महीने में पहले कभी ऐसा मौसम नही देखा गया। पहली बार ऐसा मौसम देखने को मिल रहा है। जहां गर्मी में सर्दी का अहसास हो रहा है।
विद्युत पोल टूटकर किसान के ऊपर गिरा, मौत
एटा। तेज आंधी में पेड़ टूटकर विद्युत पोल पर जा गिरा। पोल टूटकर किसान के ऊपर गिरा। इसके नीचे दबकर किसान की मौत हो गई। थाना बागवाला के गांव करतला निवासी लालमन (65) पुत्र कन्हई लाल बुधवार शाम को खेत पर गए थे। बारिश के साथ तेज हवा चली। इसी दौरान एक पेड़ टूटकर विद्युत पोल पर जा गिरा। पेड़ के दबाव में विद्युत पोल भी टूट गया और किसान के ऊपर जा गिरा। पोल के नीचे दबकर किसान की मौत हो गई। परिवारीजन मेडिकल कॉलेज लेकर पहुंचे। चिकित्सक ने मृत घोषित कर दिया।